Bihar News : पीएम मोदी के मेलोनी को 'मेलोडी' देने पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा- "देश के प्रधानमंत्री का यह कैसा हल्कापन"

Bihar News : पीएम मोदी के मेलोनी को 'मेलोडी' देने पर गरमाई र

GAYAJI : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सोशल मीडिया रील को लेकर अब बिहार में भी राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। दरअसल, इटली के रोम में वैश्विक सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' चॉकलेट गिफ्ट करने का एक वीडियो रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां एक तरफ इस रील की चर्चा पूरी दुनिया में वैश्विक आर्थिक तूफान के बीच हो रही है, वहीं दूसरी तरफ बिहार कांग्रेस ने पीएम मोदी के इस कदम पर तीखा तंज कसा है और इसे देश के शीर्ष पद की गरिमा के खिलाफ बताया है।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नेताओं ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि जब पूरा विश्व इस समय गंभीर आर्थिक चुनौतियों और वैश्विक संकटों से जूझ रहा है, ऐसे समय में देश के प्रधानमंत्री का यह कारनामा बेहद बचकाना है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस रील के सामने आने के बाद देशवासियों के बीच प्रधानमंत्री के "हल्केपन" की चर्चा हो रही है। बिहार कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू ने कहा की "एक तरफ देश के प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह की बचकानी रील बना रहे हैं जिससे उनके पद का हल्कापन उजागर हो रहा है, तो दूसरी तरफ भाजपा के लोग देश की गंभीर समस्याओं को भूलकर इस पर भी तालियां बजाने में मशगूल हैं।" 

कांग्रेसी नेताओं—दामोदर गोस्वामी, विपिन बिहारी सिन्हा, विशाल कुमार, मुन्ना मांझी और सुनील कुमार सिन्हा ने सामूहिक बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर इस समय 'मेलोडी' (Melodi) ट्रेंड कर रहा है और दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की दोस्ती को लेकर इंटरनेट पर कई तरह की मीम्स और असंसदीय प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय दौरों पर देश की गंभीर साख और आर्थिक नीतियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, न कि सोशल मीडिया रील्स के जरिए सुर्खियां बटोरने का प्रयास करना चाहिए।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर शुरू हुआ यह 'मेलोडी चॉकलेट' का ट्रेंड अब बिहार के सियासी गलियारों में एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। जहां विपक्षी दल कांग्रेस इसे देश के प्रधानमंत्री की छवि के लिए नुकसानदेह बता रही है, वहीं सत्ता पक्ष और भाजपा समर्थक इसे दोनों देशों के बीच मधुर और अनौपचारिक कूटनीतिक संबंधों के एक बेहतरीन उदाहरण के रूप में पेश कर रहे हैं।