गयाजी पुलिस और उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई : एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे अभियुक्त संजय पासवान और 143 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को दबोचा

गयाजी जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जहां पुलिस ने एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे अभियुक्त संजय पासवान को गिरफ्तार किया है....

गयाजी पुलिस और उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई : एनडीपीएस मामल
गयाजी पुलिस और उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में गया पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी देवेंद्र पासवान के पुत्र संजय पासवान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान के दौरान दबोचा है।


26 अप्रैल 2025 का है मामला, जीटी रोड पर ऑटो छोड़कर फरार हो गया था चालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 26 अप्रैल 2025 का है, जब शेरघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-02 (जीटी रोड) पर एक काले-पीले रंग के ऑटो से अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद गोपालपुर गांव स्थित ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने वाहनों की सघन जाँच शुरू की थी। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। जब पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली, तो उसकी सीट के नीचे से तीन बोरियों में भरा कुल 57 किलो 490 ग्राम अवैध डोडा (मादक पदार्थ) बरामद हुआ था, जिसके बाद शेरघाटी थाने में कांड संख्या 179/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।


उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: एनएच-22 पर वर्ना कार की डिक्की और बंपर के गुप्त तहखाने से 143 लीटर शराब बरामद

एक अन्य बड़ी कार्रवाई में गया जिले की उत्पाद विभाग की टीम ने चाकंद थाना क्षेत्र के बारा गांव के पास पटना-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) पर वाहन चेकिंग के दौरान एक सिल्वर रंग की हुंडई वर्ना कार को पकड़ा। तस्करों ने शातिर तरीके से कार की डिक्की, बीच वाली सीट के गुप्त तहखाने और आगे-पीछे के बंपर में विशेष जगह बनाकर अवैध विदेशी शराब छिपा रखी थी। टीम ने कार से कुल 798 पीस यानी 143.640 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है।


झारखंड के रांची का रहने वाला तस्कर आयुष अंसारी गिरफ्तार, मद्य निषेध अधिकारियों की टीम ने की छापेमारी

इस मामले में उत्पाद विभाग की टीम ने झारखंड के रांची जिले के गोंदा थाना क्षेत्र निवासी बालक अंसारी के पुत्र 51 वर्षीय आयुष अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफल छापेमारी अभियान में मद्य निषेध अधिकारी अंजली कुमारी, ओम प्रकाश प्रजापति, ज्योति कुमारी के साथ-साथ गृह रक्षक जवान और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर शराब नेटवर्क के अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।


जिले में लगातार जारी रहेगा शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान

गया पुलिस और उत्पाद विभाग की इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से अवैध धंधा चलाने वाले तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू रखने और मादक पदार्थों की तस्करी को जड़ से समाप्त करने के लिए अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा।


मनोज की रिपोर्ट