Bihar News : भागलपुर में अवैध आरा मिलों पर वन विभाग की टीम ने कसा शिकंजा, कई मशीनें और कीमती लकड़ियां किया जब्त
Bihar News : भागलपुर में वन विभाग की टीम ने अवैध आरा मिलों पर शिकंजा कसते हुए मशीनें, ट्रॉली, आरी ब्लेड तथा कीमती लकड़ियां जब्त की है......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : भागलपुर जिले में अवैध आरा मिलों के खिलाफ वन विभाग ने रविवार को सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। वन प्रमंडल पदाधिकारी, भागलपुर के निर्देश पर और वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सजौर थाना पुलिस के सहयोग से भागलपुर वन प्रक्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में संचालित अवैध आरा मिलों पर अचानक छापेमारी की।
कार्रवाई के मुख्य केंद्र के तहत सुल्तानगंज वन परिसर के अंतर्गत शाहकुंड प्रखंड के मलिकपुर में चल रही एक अवैध आरा मिल पर शिकंजा कसा गया। वन विभाग की टीम ने मौके से मिल संचालक और अन्य दोषियों के खिलाफ 'बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम' तथा 'भारतीय वन अधिनियम' की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। छापेमारी के दौरान वन विभाग ने मौके से भारी मात्रा में अवैध रूप से काटी गई शीशम और सागवान जैसी कीमती लकड़ियों की खेप जब्त की। इसके साथ ही आरा मिल के संचालन में इस्तेमाल की जा रही भारी मशीनें, ट्रॉली और आरी ब्लेड को भी जब्त कर लिया गया, जिससे अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भागलपुर जिले में अवैध आरा मिलों के संचालन पर पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू है। विभाग ने भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया क्षेत्रों में बिना लाइसेंस अवैध रूप से चल रहीं सभी आरा मिलों को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई है कि नियम न मानने वालों की मिलें अतिशीघ्र जब्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में भागलपुर रेंजर कुमार गौतम, कहलगांव रेंजर कम्पनी कुमार, प्रशिक्षु रेंजर आशीष राज के साथ बबलू कुमार, वनरक्षी आदित्य अभिनव, शुभम कुमार, अमरेश कुमार, आदित्य कुमार सिंह, मुकेश सहनी, रौशन कुमार, राकेश कुमार यादव, ब्यूटी विश्वास, सुबोध दास, शिवम कुमार, राजीव कुमार, प्रिया कुमारी, कल्पना कुमारी, केशर राज तथा पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट