Bihar News : भीषण गर्मी में गयावासियों को रुला रही बिजली, हर घंटे 15-20 मिनट की हो रही कटौती, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Bihar News : गयावासियों को भीषण गर्मी में बिजली रुला रही है. हर घंटे 15-20 मिनट बिजली कट रही है. जिसके बाद कांग्रेस ने सरकार को घेरा है......पढ़िए आगे

Bihar News : भीषण गर्मी में गयावासियों को रुला रही बिजली, हर
रुला रही बिजली - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार 'गयाजी' इन दिनों दोहरी मार झेल रहा है। एक तरफ आसमान से बरसती आग और 42 डिग्री के पार जाता पारा, तो दूसरी तरफ बिजली विभाग की मनमानी कटौती ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शहर से लेकर देहात तक, हर घंटे 10 से 15 मिनट की अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे 24 घंटे में करीब 4 से 6 घंटे तक लोग अंधेरे और गर्मी में रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय फॉल्ट के नाम पर 'पल्ला झाड़' रहे अधिकारी

बिजली संकट को लेकर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली और जिला उपाध्यक्ष दामोदर गोस्वामी सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन (SBPDCL) के अधिकारी इस समस्या को महज 'स्थानीय फॉल्ट' और 'मेंटेनेंस' का नाम देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर यह मेंटेनेंस की समस्या कब दूर होगी, क्योंकि यह बहाना पिछले कई वर्षों से सुनाया जा रहा है।

अप्रैल की गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बेहाल हुए लोग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभी अप्रैल का महीना ही चल रहा है और तापमान 40 से 42 डिग्री तक पहुँच गया है। ऐसे में निर्बाध बिजली आपूर्ति जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन गई है। बिजली कटने के कारण न केवल घरों में लोग परेशान हैं, बल्कि छोटे कारोबार और जलापूर्ति पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग

पार्टी के महासचिव टिंकू गिरी, विपिन बिहारी सिन्हा और प्रद्युम्न दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि गयाजी शहर और ग्रामीण इलाकों में 24 घंटे निर्बाध बिजली सुनिश्चित नहीं की गई, तो जनता का आक्रोश सड़कों पर दिख सकता है। नेताओं ने मांग की है कि घंटों होने वाली इस कटौती को तुरंत बंद किया जाए ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

नाराजगी का आलम

सोशल मीडिया से लेकर चौक-चौराहों तक बिजली विभाग के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट रहा है। गर्मी के इस मौसम में जब पंखे और कूलर सबसे ज्यादा जरूरी हैं, तब बिजली का बार-बार कटना प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।