Bihar Crime : गया में अपराधियों का दुस्साहस, CSP से दिनदहाड़े लूटे 2.07 लाख रूपये, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Bihar Crime : गयाजी में दिनदहाड़े अपराधियों ने CSP से 2 लाख से अधिक रूपये लूट लिए. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया जिले में अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इमामगंज थाना क्षेत्र के पांकरडीह मुख्य मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सीएसपी (CSP) केंद्र से दिनदहाड़े करीब 2 लाख 7 हजार रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सीएसपी संचालक दीपक कुमार के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी अचानक केंद्र पर पहुंचे। इससे पहले कि वहां मौजूद कर्मी कुछ समझ पाते, एक अपराधी ने पिस्टल निकाल ली और कर्मी की कनपटी पर तान दी। हथियार के बल पर डराते हुए अपराधियों ने कैश काउंटर पर रखे ₹2.07 लाख लूट लिए। लूट की इस पूरी प्रक्रिया को अपराधियों ने चंद मिनटों में अंजाम दिया और मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए।
राहत की बात यह है कि यह पूरी वारदात सीएसपी केंद्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में अपराधियों की हरकतें और उनकी बाइक स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। पुलिस को उम्मीद है कि इस वीडियो साक्ष्य के जरिए अपराधियों के हुलिए और उनकी पहचान करने में बड़ी मदद मिलेगी। बैंक कर्मियों द्वारा शोर मचाने के बावजूद, घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के बाद भी अपराधी भागने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय इमामगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह की वारदात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। व्यवसायियों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और लुटेरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
मनोज की रिपोर्ट