CBSE 12th Result: गया जी में कपड़ा बेचने वाले की बेटी ने किया कमाल, 99.8% अंक लाकर बनी बिहार टॉपर

CBSE 12th Result: गयाजी की माही कुमारी ने CBSE 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99.8% अंक हासिल कर बिहार में नाम रोशन किया है।

CBSE 12th Result
साधारण परिवार की बेटी बनी बिहार टॉपर- फोटो : social media

CBSE 12th Result:  गयाजी की रहने वाली माही कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। केंद्रीय विद्यालय-1, गयाजी की छात्रा माही ने CBSE 12वीं कॉमर्स परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। माही गयाजी के स्वराजपुरी रोड स्थित ढोलकिया गली की रहने वाली हैं। उनके पिता मनोज कुमार कपड़ों की छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली माही ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगातार पढ़ाई से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

रिजल्ट घोषित होते ही माही के घर में जश्न शुरू हो गया। माता-पिता ने बेटी को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और केक काटा गया। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और दोस्तों ने भी माही को बधाई दी। लोगों ने इसे गयाजी और बिहार के लिए गर्व की बात बताया। माही ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया है। उन्होंने कहा कि वह आगे की पढ़ाई पूरी कर देश की सेवा करना चाहती हैं। माही की सफलता अब दूसरे छात्रों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।

बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया

इस बार CBSE 12वीं परीक्षा में बिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। साइंस स्ट्रीम में पटना के संत माइकल हाई स्कूल के रोहन प्रसाद ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। दूसरे स्थान पर इंटरनेशनल स्कूल के आयुष राज रहे, जिन्हें 98.5 प्रतिशत अंक मिले। वहीं अमान इस्माइल ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल किए।कॉमर्स स्ट्रीम में संत माइकल हाई स्कूल के शिवम राज ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉपर लिस्ट में जगह बनाई है।

आर्ट्स स्ट्रीम में पटना डीएवी टॉप

आर्ट्स स्ट्रीम में पटना डीएवी बीएसइबी के अतुल श्रीवास्तव ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शिवानी वत्स ने 97.2 प्रतिशत, जबकि आसना खान और सृष्टि अभिनव ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। बिहार के छात्रों के शानदार प्रदर्शन से स्कूलों और परिवारों में खुशी का माहौल है। शिक्षक भी छात्रों की मेहनत और लगन की सराहना कर रहे हैं। माही कुमारी समेत सभी सफल छात्रों की उपलब्धि दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणा बन रही है।