सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शुरुआती रुझान में जनसुराज समर्थित आफाक अहमद आगे, जदयू के आनंद पुष्कर पीछे
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद के 8 सीटों पर हुए चुनाव का आज मतगणना का कार्य चल रहा है। सारण शिक्षकक निर्वाचन क्षेत्र में शुरुआती मतों की गिनती में जनसुराज समर्थित प्रत्याशी को बढ़त है.....
Chapra : बिहार विधान परिषद के 03- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हो रही मतगणना के शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, जनसुराज समर्थित प्रत्याशी आफाक अहमद बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर पीछे चल रहे हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, इसलिए इसे अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता है।
जिला निर्वाची पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,570 मतों की गिनती की गई, जिनमें 9,199 मत वैध और 371 मत अवैध पाए गए हैं।
14 टेबलों पर 7 राउंड में हो रही है मतगणना, 89.04 प्रतिशत हुआ था मतदान
मतगणना को पारदर्शी और सुचारू रूप से चलाने के लिए मतगणना केंद्र पर कुल 14 टेबलों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें 7 राउंड में पूरा किया जाना है। इस चुनाव में कुल 10,748 मतदाता थे, जिनमें से 9,570 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था और कुल मतदान 89.04 प्रतिशत दर्ज किया गया था। शुरुआती रुझानों के बाद सभी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की निगाहें अगले चरणों के परिणामों पर टिकी हुई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सीसीटीवी से निगरानी
सारण जिला मुख्यालय स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी मतगणना प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं और डेटा मिलान पूरा होने के बाद ही निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम और आधिकारिक परिणाम की घोषणा की जाएगी।
धर्मेन्द्र की रिपोर्ट