21 साल बाद सीएम के हाथों हुआ हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उद्घाटन, दोनों डिप्टी सीएम व कई मंत्री रहे मौजूद

एशिया के सबसे बड़े पशु मेला के रुप में विश्व मे विख्यात सोनपुर के हरिहर क्षेत्र मेले का आज रविवार को शुभारंभ हो गया। 21 साल बाद सीएम सम्राट चौधरी के हाथों इसका उद्घाटन हुआ। इससे पहले 2005 में तत्कालिन सीएम नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया था.....

21 साल बाद सीएम के हाथों हुआ हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का उद
सीएम सम्राट ने सोनपुर मेले का किया शुभारंभ- फोटो : रिषभ कुमार

Chapra : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का भव्य आगाज रविवार, 22 नवंबर 2026 को हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शाम 5 बजे नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। करीब 21 वर्षों बाद ऐसा अवसर आया है, जब बिहार के मुख्यमंत्री ने स्वयं इस ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ किया है; इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया था, जबकि मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी पहली बार सोनपुर मेले का शुभारंभ करने पहुंचे।


दोनों उपमुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री और स्थानीय सांसदों सहित कई जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

उद्घाटन समारोह में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी तथा महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक भी इस भव्य समारोह में शामिल हुए।


32 दिनों तक चलेगा आयोजन, देश-विदेश से पहुंचते हैं पर्यटक और व्यापारी

इस वर्ष हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक कुल 32 दिनों तक चलेगा। एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले इस आयोजन में हिस्सा लेने और इसकी रौनक देखने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।


सांस्कृतिक पंडाल, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज और गुलजार घोड़ा बाजार बना आकर्षण का केंद्र

मेला क्षेत्र में पर्यटकों के लिए आकर्षक सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज तैयार किया गया है, वहीं सांस्कृतिक पंडाल में आगंतुकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र भी खोला गया है। मेले का प्रसिद्ध घोड़ा बाजार पहले से ही घोड़ों की हिनहिनाहट से गुलजार हो उठा है और पूरे परिसर में गीत-संगीत, झूले, नृत्य, पारंपरिक खान-पान, खरीदारी तथा पशु व्यापार का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।


रिषभ की रिपोर्ट