जेवर चमकाने का झांसा देकर महिला से दो भर सोने के आभूषण ले उड़े तीन ठग: CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

जेवर चमकाने का झांसा देकर महिला से दो भर सोने के आभूषण ले उड
जेवर चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण ले उड़े ठग- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अचारज मोहल्ले में रविवार को ठगी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई। तीन अज्ञात शातिर ठगों ने खुद को जेवर साफ करने वाला बताकर एक महिला को अपने झांसे में ले लिया और उससे करीब दो भर सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर चंपत हो गए।


मुफ्त सफाई का झांसा देकर महिला को लिया झांसे में 

मिली जानकारी के अनुसार, अचारज मोहल्ला निवासी अशोक साह की पत्नी निशा रानी के घर तीन युवक पहुंचे। युवकों ने महिला को भरोसा दिलाया कि वे सोने और चांदी के पुराने आभूषणों को मुफ्त में साफ कर नया जैसा चमका देते हैं। युवकों के इस झांसे में आकर महिला ने सफाई के लिए अपने जेवर उन्हें सौंप दिए।


बातों में उलझाकर आभूषण समेटकर हुए फरार 

पीड़ित महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान ठगों ने उसे अपनी बातों में बुरी तरह उलझा लिया और सफाई का नाटक करते हुए धीरे-धीरे उसके अन्य सोने-चांदी के जेवर भी ले लिए। इसके बाद जैसे ही महिला का ध्यान भटका, तीनों शातिर युवक जेवर समेटकर मौके से फरार हो गए। जब तक महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।


सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदातपुलिस जांच में जुटी 

घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और बौंसी थाना पुलिस को सूचित किया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर संदिध युवकों की पहचान व तलाश में जुट गई है।


पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील 

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे या झांसे में आकर अपने कीमती आभूषण या सामान उनके हाथों में न सौंपें। यदि आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।


चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट