Bihar News : बांका के अमरपुर नगर पंचायत बोर्ड में बैठक विवाद, मुख्य पार्षद पति समेत दो को कारण बताओ नोटिस, DM के आदेश पर EO ने मांगा जवाब

Bihar News : नगर पंचायत अमरपुर की सामान्य बोर्ड की बैठक में मुख्य पार्षद के पति द्वारा कथित रूप से हस्तक्षेप करने और वार्ड पार्षद के साथ तीखी नोकझोंक के मामले में प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है।

Bihar News : बांका के अमरपुर नगर पंचायत बोर्ड में बैठक विवाद
बैठक विवाद को लेकर कार्रवाई - फोटो : CHANDRASHEKHAR

Banka : नगर पंचायत अमरपुर की सामान्य बोर्ड की बैठक में मुख्य पार्षद पति के द्वारा कथित रूप से हस्तक्षेप किए जाने और वार्ड पार्षद पंकज दास के साथ तीखी नोकझोंक के मामले में अब प्रशासन ने संज्ञान लिया है। न्यूज़ 4 नेशन में प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के आदेश पर अमरपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने मुख्य पार्षद पति समेत दो लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों से तीन कार्यदिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त को अमरपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में विकास योजनाओं के प्रस्ताव को लेकर चर्चा के दौरान मुख्य पार्षद पति की मौजूदगी और कथित हस्तक्षेप को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बैठक में मुख्य पार्षद  रीता साह की अनुमति से राजेश कुमार साह उर्फ संजय कुमार साह  सहित पांच लोगों को बैठने की अनुमति दी गई थी। 

आरोप है कि मुख्य पार्षद पति और वार्ड 14 के  पार्षद  पति दोनों ने बैठक की कार्यवाही के दौरान बोलने एवं हस्तक्षेप करने का प्रयास किया। इसी दौरान मुख्य पार्षद पति और वार्ड नंबर-7 के पार्षद पंकज दास के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। बैठक में हुए विवाद को लेकर प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया। नोटिस में कहा गया है कि नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में निर्धारित अनुमति की सीमा से आगे बढ़कर कार्यवाही में हस्तक्षेप करने को लेकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए। निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं देने पर उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नगर पंचायत की बैठक में मुख्य पार्षद पति समेत गैर निर्वाचित लोगों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर निकाय की बोर्ड बैठक में निर्वाचित पार्षदों की भूमिका निर्धारित होती है। ऐसे में बैठक की कार्यवाही में बाहरी हस्तक्षेप को लेकर प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद मामला चर्चा में है। अब मुख्य पार्षद पति समेत दोनों संबंधित लोगों के स्पष्टीकरण के बाद प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट