Bihar Crime : बांका में मां भगवती मंदिर चोरी कांड का पुलिस ने किया खुलासा, गयाजी में चोरी की 6 बाइकों के साथ चार को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र स्थित मां भगवती शीतला माता मंदिर से हुई बहुमूल्य आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वहीँ गयाजी में बाइक चोरी का खुलासा किया है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के कांड में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह बाइक जब्त की हैं। इनमें तीन बाइक चोरी की बताई जा रही हैं, जबकि अन्य तीन बाइक का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था।
रविवार को मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में वजीरगंज कैंप के डीएसपी अभिनव कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की उम्र करीब 19 से 22 वर्ष के बीच है। सभी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक विधि विवादित बालक भी शामिल है। पुलिस जब्त बाइकों के संबंध में आवश्यक जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
वहीँ बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में मां भगवती मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी के आभूषणों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपित सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन स्वर्ण कारोबारी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अमरपुर के सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य आरोपित ऋषभ कुमार के अलावा स्वर्ण कारोबारी बाबूलाल पोद्दार, गौरव कुमार और मनोज पोद्दार शामिल हैं। तीनों कारोबारियों पर चोरी के आभूषण खरीदने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, अमरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित मोहदगीरपुर राणा टोला के मां भगवती शीतला माता मंदिर से करीब ढाई किलोग्राम चांदी और दस ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए थे। मंदिर प्रबंधक रंजीत कुमार शर्मा ने थाने में आवेदन देकर बताया कि 22 अक्टूबर की सुबह बुचो देवी को मंदिर जाने वाले रास्ते में चांदी के तीन झाप मिले थे। इसके बाद ग्रामीणों ने मंदिर की जांच की तो मां भगवती को चढ़ाए गए सोने-चांदी के कई आभूषण गायब पाए गए।ग्रामीणों की छानबीन में ऋषभ कुमार का नाम सामने आया। आवेदन के अनुसार, उसके घर से करीब 50ग्राम चांदी के सात झाप बरामद हुए। पूछताछ में तीन अक्टूबर की रात दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी करने तथा आभूषण अमरपुर बाजार के विभिन्न स्वर्ण कारोबारियों को बेचने की बात सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित और बरामद आभूषण पुलिस को सौंप दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। मुख्य आरोपित से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने के आरोपी स्वर्ण कारोबारियों तक पहुंचकर कार्रवाई की। मंदिर प्रबंधक के आवेदन में प्रीति ज्वेलर्स, जिमी ज्वेलर्स, मनोज ज्वेलर्स और जे.जे. एंड संस ज्वेलर्स के नाम सामने आए थे।थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मंदिर चोरी मामले में स्वर्ण कारोबारियों तक पुलिस की पहुंच को महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।वहीं, चोरी की घटना में दो नाबालिगों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के आभूषणों की कथित खरीद-बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब चोरी के शेष आभूषणों की बरामदगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार की कार्रवाई से मंदिर चोरी मामले की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं।
गयाजी से मनोज और बांका से चंद्रशेखर की रिपोर्ट