Bihar News : बांका में डीएम के निर्देश पर चला सघन वाहन जांच अभियान, 78 वाहनों पर लगा जुर्माना, स्कूली गाड़ियों में मिलीं कई खामियां

Bihar News : बांका डीएम के निर्देश पर जिलेभर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से सोमवार को वृहद स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में डीएम के निर्देश पर चला सघन वाहन जांच
सघन जांच अभियान - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर सोमवार को जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

वाहनों की जांच 

जिला परिवहन पदाधिकारी अन्नू कुमारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटर यान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षक की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ स्कूली वाहनों की भी जांच की। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आवश्यक कागजात के अभाव तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 78 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।

स्कूली वाहनों में मिलीं कई खामियां

अभियान के दौरान स्कूली वाहनों की जांच में भी कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में कुछ वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध नहीं था, जबकि कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी पर जिला परिवहन पदाधिकारी अन्नू कुमारी ने संबंधित वाहन चालकों एवं स्कूल संचालकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्कूल संचालकों को निर्देश दिया कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करें। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने अथवा सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने पर आगे सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

सड़क सुरक्षा को लेकर जारी रहेगा अभियान

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट