Bihar News : बांका में BSAP-10 की जमीन से अवैध मिट्टी उत्खनन का भंडाफोड़, प्रिंस कंस्ट्रक्शन के ठेकेदारों व कर्मियों की संलिप्तता उजागर, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

Bihar News : बांका जिले में बिहार सशस्त्र पुलिस-10 (BSAP-10) के वाहिनी मुख्यालय निर्माण के लिए आवंटित सरकारी भूमि से अवैध मिट्टी उत्खनन मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

Bihar News : बांका में BSAP-10 की जमीन से अवैध मिट्टी उत्खनन
मिट्टी उत्खनन का भंडाफोड़- फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बिहार के बांका जिले में बिहार सशस्त्र पुलिस-10 (BSAP-10) के वाहिनी मुख्यालय निर्माण के लिए आवंटित सरकारी भूमि से अवैध मिट्टी उत्खनन मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। राजस्व विभाग द्वारा मौजा मोथाबाड़ी में वाहिनी मुख्यालय के लिए चिन्हित सरकारी जमीन से अज्ञात लोगों द्वारा बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मिट्टी काट ली गई थी। इस मामले में बांका (ओढ़नी ओपी) थाने में कांड संख्या 466/2026 के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।

पुलिस द्वारा मामले के गहन अनुसंधान एवं वरीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण के दौरान निर्माण कंपनी 'प्रिंंस कंस्ट्रक्शन' की संलिप्तता सामने आई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि प्रिंस कंस्ट्रक्शन द्वारा सरकारी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन किया गया और उस मिट्टी का उपयोग नवनिर्मित कटोरिया-टुगरा सड़क मार्ग में भराव (फिलिंग) कार्य के लिए किया जा रहा था।

पुलिस अनुसंधान एवं साक्ष्यों के आधार पर इस गैरकानूनी कृत्य में चार गैर-प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध अपराध पूरी तरह सत्य पाया गया है। इनमें प्रिंस कंस्ट्रक्शन के संवेदक लालधारी यादव व ओंकार यादव तथा कंपनी के मुंशी परशुराम ठाकुर व धनेश्वर यादव मुख्य रूप से शामिल हैं। अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए गठित विशेष पुलिस टीमों ने बांका, सिमुलतला, देवघर, पटना, पूर्णिया और कटोरिया थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। हालांकि, कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से सभी नामजद अभियुक्त फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

बांका पुलिस की टीमें फरार संवेदकों और मुंशियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार आसूचना संकलन (इंटेलिजेंस) जुटा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट