Bihar News : बांका में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, 4 वाहनों को किया जब्त, 3.75 लाख का लगाया जुर्माना

Bihar News : बांका में अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त कुल चार वाहनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित मामलों में करीब 3.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया......पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला प्रशास
एक्शन मोड में बांका जिला प्रशासन - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और बालू के भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं खनन विभाग ने संयुक्त रूप से एक बार फिर बड़ा शिकंजा कसा है। बांका के जिलाधिकारी (DM) अंशुल अग्रवाल के सख्त निर्देशों के आलोक में मंगलवार को खनन विभाग की विशेष टीम ने जिले के अमरपुर, धोरैया, शंभुगंज, जमदहा एवं बौंसी थाना क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया।  

इस सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त पाए गए कुल 4 वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही, नियमानुसार कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने जब्त वाहनों पर लगभग 3.75 लाख रुपये का आर्थिक दंड (फाइन) अधिरोपित किया है। इसके अतिरिक्त, अवैध खनन एवं परिवहन में शामिल वाहन मालिकों व चालकों के विरुद्ध संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई है।

जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि जिले के संवेदनशील इलाकों एवं संभावित तस्करी मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि प्राकृतिक संपदा की अवैध लूट और बालू माफियाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध बालू कारोबार में संलिप्त नेटवर्क को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।  

डीएम अंशुल अग्रवाल के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों पर दबाव बनाए रखने के लिए यह छापेमारी अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। अचानक हुई इस व्यापक कार्रवाई से क्षेत्र के बालू माफियाओं और अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। 

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट