Bihar News: ट्रेन पकड़ने की कोशिश में काल का कहर, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

Bihar News: भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर अकबरनगर रेलवे स्टेशन के समीपदर्दनाक रेल हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई।...

Couple Killed in Akbarnagar Train Accident Son Seriously Hur
पति-पत्नी की दर्दनाक मौत- फोटो : reporter

Bihar News: भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर अकबरनगर रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को दर्दनाक रेल हादसे में बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के पाटकी गांव निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद चार वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि दंपती अपने चार वर्षीय बेटे को इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाने भागलपुर जा रहे थे। इसी दौरान अकबरनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेल पुलिस और आरपीएफ को दी। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे की खबर मिलते ही पाटकी गांव में भी मातम पसर गया। एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग घटना की सूचना मिलने के बाद अकबरनगर और अस्पताल की ओर रवाना हुए।

रेल पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन पकड़ने के दौरान दंपती किस तरह उसकी चपेट में आए। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना में सबसे त्रासद पहलू यह है कि जिस बच्चे को इलाज के लिए माता-पिता भागलपुर ले जा रहे थे, उसी हादसे में उसने अपने माता-पिता को खो दिया और खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत