अवैध बालू खनन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार: एक सप्ताह में 10 वाहन जब्त, 7.28 लाख का जुर्माना
बांका जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन द्वारा कड़ा अभियान चलाया जा रहा है। बीते एक सप्ताह के अंदर पुलिस ने अवैध बालू लदे 10 वाहनों को जब्त किया है, वही 7.28 का जुर्माना लगाया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है..
Banka : जिले में अवैध बालू उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगाम लगाने के लिए खनन विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के सख्त निर्देशों के बाद विभाग द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ छापेमारी से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान खनन टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को जब्त किया और 7.28 लाख का जुर्माना लगाया है। इस संबंध में संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई है।
विभिन्न थानों में हुई कार्रवाई का विवरण:
- बांका थाना: 03 वाहन जब्त
- चांदन थाना: 03 वाहन जब्त
- बौंसी थाना: 02 वाहन जब्त
- पंजवारा थाना: 01 वाहन जब्त
- शंभूगंज थाना: 01 वाहन जब्त
अवैध रास्ते काट कर किया गया मार्ग अवरुद्ध
कार्रवाई के दौरान खनन विभाग ने केवल वाहनों की जब्ती ही नहीं की, बल्कि अवैध परिवहन के संभावित रास्तों पर भी नकेल कसी है। बांका थाना क्षेत्र के कर्मा एवं मजलिशपुर गाँव के समीप अवैध खनन व परिवहन में प्रयुक्त होने वाले रास्तों को काटकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया है, ताकि बालू की तस्करी को रोका जा सके।
दो सप्ताह में 38.85 लाख से अधिक का लगाया गया दंड
इससे पूर्व वाले सप्ताह में भी खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 वाहनों को जब्त कर 31.57 लाख का जुर्माना लगाया था। लगातार दो हफ्तों से जारी इस व्यापक अभियान के चलते जिले में अवैध बालू खनन के मामलों में उल्लेखनीय कमी देखी जा रही है।
नियमित छापेमारी के निर्देश
जिलाधिकारी ने खनन टीम को संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित रास्तों पर 24 घंटे निगरानी रखने और नियमित रूप से कड़ी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बालू माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट