Bihar News: 20 दिन से लापता छात्रा का नहीं मिला सुराग, मां बार-बार हो रही बेहोश, सऊदी की नौकरी छोड़ पिता ने लगाई मदद की गुहार

Bihar News: 20 दिनों से लापता सातवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा संजना का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Girl Missing for 20 Days Father Returns From Saudi
20 दिन से लापता छात्रा का नहीं मिला सुराग- फोटो : reporter

Bihar News: बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र के बोदसर गांव से 20 दिनों से लापता सातवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा संजना का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटी के अचानक गायब होने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों के मुताबिक वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। वहीं सऊदी अरब में चालक की नौकरी कर रहे पिता प्रमोद सहनी बेटी की तलाश में अपनी नौकरी छोड़कर घर लौट आए हैं।

परिजनों के अनुसार, संजना 1 सितंबर की मध्यरात्रि से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने गांव के ही करण, दीपक, राजू और वीरेंद्र नाम के चार युवकों पर बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाया। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है।

परिवार का आरोप है कि संपत्ति के लालच में युवकों ने संजना को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की साजिश रची। परिजनों ने पुलिस से छात्रा को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने और मामले में आरोपितों से पूछताछ की मांग की है।

संजना के पिता प्रमोद सहनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जाते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से लौकरिया थाना क्षेत्र के बिनवलिया बोदसर गांव में रह रहे हैं। वह रोजी-रोटी के लिए सऊदी अरब में चालक का काम करते हैं। बेटी के लापता होने की खबर मिलने के बाद वह आनन-फानन में भारत लौटे और अब लगातार पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगा रहे हैं।परिजनों का दावा है कि उन्हें एक चालक के फोन कॉल के जरिए बेटी को पैसे के लिए अगवा किए जाने की आशंका हुई है। हालांकि, अभी तक परिवार के अनुसार कोई फिरौती की स्पष्ट मांग नहीं की गई है। परिवार ने बगहा एसपी राजेश कुमार समेत वरीय अधिकारियों से बच्ची की सुरक्षित बरामदगी की अपील की है।

परिजनों की ओर से एक युवक के पुलिस के समक्ष कथित तौर पर घटना में अपनी भूमिका स्वीकार करने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल 20 दिन बीत जाने के बावजूद छात्रा का सुराग नहीं मिलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है। परिजनों की एक ही मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द संजना का पता लगाए, उसे सुरक्षित घर पहुंचाए और यदि अपहरण के आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करे।

रिपोर्ट- नागेंद्र प्रसाद