Bihar News: DM का औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, परिमार्जन के लंबित आवेदन देख भड़के समीर सौरभ
Bihar News: जिलाधिकारी समीर सौरभ ने औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों और सरकारी अभिलेखों की गहन समीक्षा की।
Gopalganj: हथुआ अंचल कार्यालय में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों और सरकारी अभिलेखों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में परिमार्जन आवेदन लंबित मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का सख्त निर्देश दिया।
डीएम ने कार्यालय में प्रधान सहायक की नोटबुक के साथ-साथ आरटीआई, सीडब्ल्यूजेसी, पूर्ण स्थानांतरण और शनिवारीय पंजी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों की जांच की। इस दौरान पंजियों के संधारण में कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को रिकॉर्ड तत्काल अपडेट करने और सभी अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
दरअसल, जिला स्तरीय जनता दरबार में प्राप्त तीन मामलों के निष्पादन को लेकर डीएम स्वयं हथुआ अंचल कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से तीनों मामलों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई कराते हुए तीनों मामलों का त्वरित निष्पादन कराया।
निरीक्षण के दौरान डीएम समीर सौरभ ने साफ लहजे में कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।डीएम ने कहा कि राजस्व से जुड़ी सेवाएं सीधे आम लोगों के हित से जुड़ी हैं। ऐसे में आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। औचक निरीक्षण के जरिए डीएम ने अंचल कार्यालयों में रिकॉर्ड संधारण और लंबित राजस्व मामलों के निष्पादन को लेकर प्रशासन की सख्ती का संदेश भी दिया।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा