15 दिनों से बिजली की मार झेल रहे ग्रामीण सड़क पर उतरे : सड़क जाम कर सांसद-विधायक के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

भोजपुर के हसनपुरा गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली गुल से परेशान ग्रामीणों का बुधवार को सब्र जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जामकर कर दिया और स्थानीय सांसद और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की....

15 दिनों से बिजली की मार झेल रहे ग्रामीण सड़क पर उतरे : सड़क
15 दिनों से बिजली की मार झेल रहे ग्रामीण सड़क पर उतरे- फोटो : आशीष

Arrah : आरा सदर प्रखंड के हसनपुरा गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा और वे सड़क पर उतर आए। ट्रांसफार्मर जलने से परेशान बड़ी संख्या में लोगों ने हसनपुरा बाजार के पास आरा-अखगांव मुख्य सड़क को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।


200 घरों और दो हजार की आबादी प्रभावित

ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे करीब 200 घरों और लगभग 2,000 की आबादी को इस भीषण गर्मी में भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।


स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

इस बिजली संकट की मार सबसे अधिक स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों पर पड़ रही है। उमस भरे इस मौसम में स्कूलों में पंखे नहीं चल पाने के कारण बच्चों को अत्यधिक गर्मी और पसीने के बीच पढ़ाई करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अभिभावक भी खासे चिंतित हैं।


सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का आक्रोश स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी फूटा और उन्होंने सांसद तथा विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी समस्या होने के बावजूद क्षेत्र के किसी भी जिम्मेदार प्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।


जब तक बिजली नहींतब तक आंदोलन जारी

गुस्साए ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक बिजली विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा। सड़क जाम होने के कारण काफी देर तक आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित रहा।

आशीष की रिपोर्ट