Bihar News: मां की गोद की जगह ट्रेन की सीट, आरा में रोती मिली नवजात बच्ची, मचा हड़कंप
Bihar News: आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन की सीट पर एक नवजात बच्ची अकेली और रोती हुई मिली।....
Bihar News: भोजपुर जिले के आरा रेलवे स्टेशन पर एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन की सीट पर एक नवजात बच्ची अकेली और रोती हुई मिली। सुबह करीब सात बजे यात्रियों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने आसपास उसके परिजनों को तलाश किया, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। इसके बाद यात्रियों ने तत्काल मामले की सूचना बाल संरक्षण इकाई, भोजपुर और चाइल्ड हेल्पलाइन को दी।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन से जुड़े कर्मचारी आरा स्टेशन पहुंचे और नवजात बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया। बच्ची के मिलने की खबर फैलते ही स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई। जन्म के बाद मां की गोद को सबसे महफूज ठिकाना माना जाता है, लेकिन इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।जानकारी के मुताबिक आरा से पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सुबह करीब 7:05 बजे रवाना होती है। ट्रेन रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर खड़ी थी। इसी दौरान उसकी एक सीट पर नवजात बच्ची को अकेला छोड़े जाने की बात सामने आई है। फिलहाल बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नवजात को ट्रेन में कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या वजह थी? बच्ची के परिजनों की पहचान भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। संबंधित स्तर पर इन तमाम पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।घटना ने एक तरफ पारिवारिक जिम्मेदारी और नवजात की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, तो दूसरी ओर आरा रेलवे स्टेशन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा के केंद्र में आ गई है। यात्रियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि स्टेशन और ट्रेन में लगे निगरानी तंत्र के बावजूद नवजात को वहां तक कौन लेकर आया और उसे अकेला छोड़कर कैसे चला गया
रिपोर्ट- आशीष कुमार