Bihar News : छुट्टियों में शराब का लुत्फ़ उठाने के मंसूबे पर फिरा पानी, असम राइफल्स का जवान हुआ गिरफ्तार, बैग में मिली भारी मात्रा में शराब

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने 7.50 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जांच के बाद सामने आया कि गिरफ्तार युवक असम राइफल्स का जवान है.....पढ़िए आगे

Bihar News : छुट्टियों में शराब का लुत्फ़ उठाने के मंसूबे पर
असम राइफल्स का जवान गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में जुटी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बबुरा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 7.50 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जांच के बाद सामने आया कि गिरफ्तार युवक सुरक्षा बल का जवान है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अनुराग सिंह उर्फ जयदीप सिंह के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली गांव के निवासी कामेश्वर सिंह का पुत्र है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पता चला है कि आरोपी युवक असम राइफल्स में कार्यरत है और छुट्टियों में घर लौट रहा था। 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी जवान छपरा रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद एक ऑटो रिजर्व करके अपने गांव महुली की ओर जा रहा था। इसी दौरान बबुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस चेकिंग को देखते ही युवक घबरा गया और पकड़े जाने के डर से ऑटो से उतरकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक के बैग की तलाशी ली गई तो उससे भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बैग से 750 एमएल की 'XXX रम' की 6 बोतलें और 750 एमएल की 'बूट्ज डार्क जमैका रम' की 4 बोतलें बरामद की गईं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 7.50 लीटर मापी गई है, जिसे पुलिस ने तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए बबुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद विदेशी शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार जवान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आशीष की रिपोर्ट