भारत में हिंदुओं की आबादी में 4 फीसदी की कमी, मुसलमान जनसंख्या में होगी भारी वृद्धि, प्यू रिसर्च रिपोर्ट ने चौंकाया
प्यू रिसर्च सेंटर का कहना है कि हिंदुओं की आबादी अन्य धार्मिक समूहों की तुलना में धीमी गति से बढ़ेगी। भारत में पिछले तीन दशकों के दौरान प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है। वहीं मुस्लिम समुदाय की प्रजनन दर सबसे अधिक है
Population in India : भारत में अगले पांच दशकों के दौरान धार्मिक आबादी के अनुपात में बदलाव देखने को मिल सकता है। वर्ष 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी मौजूदा 79.4 प्रतिशत से घटकर 75.8 प्रतिशत रह सकती है। वहीं, मुस्लिम आबादी का अनुपात 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 19.6 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
अमेरिकी शोध संस्थान प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) 'फ्यूचर ऑफ वर्ल्ड रिलिजन्स' (Future of World Religions) नामक रिपोर्ट में दुनिया के विभिन्न धर्मों की आबादी में संभावित बदलाव का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इस जनसांख्यिकीय बदलाव की प्रमुख वजह अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर है।
हिंदुओं की आबादी बढ़ेगी, लेकिन हिस्सेदारी घटेगी
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में हिंदुओं की कुल संख्या में कमी आने का अनुमान नहीं है। वर्ष 2020 से 2070 के बीच हिंदुओं की आबादी में करीब 17.6 करोड़ की वृद्धि हो सकती है। इसके बावजूद कुल जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी घटने की संभावना है। इसकी वजह यह है कि अन्य धार्मिक समुदायों की आबादी तुलनात्मक रूप से अधिक तेजी से बढ़ सकती है।
प्यू रिसर्च सेंटर का कहना है कि हिंदुओं की आबादी अन्य धार्मिक समूहों की तुलना में धीमी गति से बढ़ेगी। भारत में पिछले तीन दशकों के दौरान प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है। हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर भी करीब 30 साल पहले प्रति महिला 3.3 बच्चों से घटकर 1.9 रह गई है। दूसरी ओर, भारत में मुस्लिम समुदाय की प्रजनन दर अब भी हिंदुओं की तुलना में अधिक है। साथ ही मुस्लिम आबादी की औसत आयु अपेक्षाकृत कम होने का भी जनसंख्या वृद्धि पर असर पड़ रहा है।
मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 19.6% होने का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी वर्ष 2020 के 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 2070 में 19.6 प्रतिशत हो सकती है। इस तरह करीब पांच दशक में इसमें 4.4 प्रतिशत अंक की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय की प्रजनन दर अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों से अधिक है। वर्ष 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे आंकी गई है। इसके मुकाबले गैर-मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर 2.0 बच्चे प्रति महिला रही।

दुनिया में 1.4 अरब के करीब होगी हिंदुओं की आबादी
वैश्विक स्तर पर भी हिंदुओं की कुल संख्या बढ़ने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2070 के बीच दुनिया में हिंदुओं की आबादी करीब 19.9 करोड़ बढ़कर लगभग 1.4 अरब हो सकती है। हालांकि, विश्व की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से घटकर 14 प्रतिशत रहने का अनुमान है। भारत के बाहर हिंदुओं की आबादी में सबसे अधिक वृद्धि पाकिस्तान और अमेरिका में होने की संभावना जताई गई है। पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या करीब 50 लाख और अमेरिका में 40 लाख बढ़ सकती है। पाकिस्तान में यह वृद्धि मुख्य रूप से जन्म और मृत्यु के अंतर के कारण होगी, जबकि अमेरिका में प्रवासन इसकी प्रमुख वजह रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल और भारत दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे, जहां हिंदू आबादी बहुसंख्यक होगी।
2035 तक ईसाइयों से अधिक हो सकती है मुस्लिम आबादी
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान में वैश्विक धार्मिक परिदृश्य में बड़े बदलाव की संभावना भी जताई गई है। इसके मुताबिक, वर्ष 2035 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी ईसाई आबादी से अधिक हो सकती है। इसके बाद मुस्लिम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय बन सकते हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भी मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ने का अनुमान है। वर्ष 2020 में इस क्षेत्र की आबादी करीब 450 करोड़ थी। यहां सबसे बड़ा धार्मिक वर्ग उन लोगों का था, जो खुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। अनुमान है कि 2040 तक मुस्लिम आबादी इस वर्ग से आगे निकल जाएगी। वर्ष 2070 तक एशिया-प्रशांत क्षेत्र में मुस्लिम आबादी बढ़कर 180 करोड़ हो सकती है। इसमें भारत, पाकिस्तान, इंडोनेशिया और बांग्लादेश जैसे देशों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
बौद्ध आबादी में गिरावट का अनुमान
रिपोर्ट में बौद्ध समुदाय की आबादी को लेकर भी अनुमान जारी किया गया है। इसके अनुसार, आने वाले दशकों में दुनिया में बौद्धों की संख्या और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी, दोनों में गिरावट आ सकती है।
वहीं, स्पेन, कनाडा, एस्टोनिया और बेल्जियम जैसे देशों में वर्ष 2070 तक किसी धर्म को नहीं मानने वाले लोगों की संख्या ईसाई आबादी से अधिक होने का अनुमान है। कुल मिलाकर रिपोर्ट बताती है कि आने वाले पांच दशकों में जन्म दर, आयु संरचना और प्रवासन जैसे कारक दुनिया के धार्मिक जनसांख्यिकीय स्वरूप को प्रभावित करेंगे।