बिहार में मानसून सीजन में 27% कम बारिश, फिर भी 14 जिलों में बाढ़, 40 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

एक ओर बिहार के कई जिलों में इन दिनों बाढ़ से लोग बेहाल हैं लेकिन दूसरी ओर बिहार में इस साल कम बारिश से लोग बेहाल हैं, 1 जून से 8 सितंबर तक राज्य में कुल 601.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 27 फीसदी कम है।

Bihar receives 27% less rainfall in monsoon season
Bihar receives 27% less rainfall in monsoon season- फोटो : news4nation

Bihar rainfall :   बिहार में मानसून की बारिश सामान्य से कम रहने के बावजूद बाढ़ की स्थिति अभी पूरी तरह नियंत्रित नहीं हुई है। राज्य में जून से अब तक सामान्य से कम वर्षापात दर्ज किया गया है, लेकिन गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बराजों से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण 14 जिलों में करीब 40.21 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। आपदा प्रबंधन विभाग की 9 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।


सामान्य से 27 फीसदी कम बारिश

बिहार में जून में 103.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 36 फीसदी कम है। जुलाई में 227.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 33 फीसदी कम रही। अगस्त में भी 190.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 29 फीसदी कम है। सितंबर में अब तक 79.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 31 फीसदी अधिक है। वहीं 1 जून से 8 सितंबर तक राज्य में कुल 601.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 27 फीसदी कम है।


14 जिलों में 40.21 लाख लोग प्रभावित

नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया और अरवल के 84 प्रखंडों की 514 ग्राम पंचायतों में करीब 40.21 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 723 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं, जहां अब तक करीब 19.65 लाख लोगों को भोजन कराया गया है। इसके अलावा 15 राहत शिविरों में 13,446 बाढ़ पीड़ितों के लिए आवासन, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।


1.94 लाख पॉलीथीन शीट और 29,400 ड्राई राशन पैकेट बांटे

राहत कार्य के तहत अब तक करीब 1.94 लाख पॉलीथीन शीट और 29,400 ड्राई राशन पैकेट वितरित किए गए हैं। आबादी के निष्क्रमण और आवागमन के लिए 1,979 नावें चलाई जा रही हैं। पशुपालकों के लिए अब तक 5,178 क्विंटल पशुचारा भी वितरित किया गया है।


गंडक और कोसी स्थिर, सोन नदी का जलस्राव बढ़ रहा

9 सितंबर सुबह 10 बजे वाल्मीकिनगर बराज पर गंडक नदी का जलस्राव 86,000 क्यूसेक दर्ज किया गया और इसकी प्रवृत्ति स्थिर है। वीरपुर बराज पर कोसी का जलस्राव 1,48,200 क्यूसेक रहा, जो स्थिर है। वहीं इन्द्रपुरी बराज पर सोन नदी का जलस्राव 80,785 क्यूसेक दर्ज किया गया और इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है। 


संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए SDRF की 27 और NDRF की 10 टीमें विभिन्न जिलों में तैनात हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।