Strait of Hormuz: होर्मुज नहीं खोला तो जहन्नुम में भेज देंगे...ट्रंप की धमकी से मिडिल ईस्ट में खलबली, अमेरिकी चेतावनी पर ईरान ने दी विनाशकारी हमलों की धमकी

Strait of Hormuz: मिडिल ईस्ट की सियासत एक बार फिर सुलग उठी है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ तीखी ज़ुबान का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम चेतावनी दे डाली।

Trump Threatens Hellfire if Strait of Hormuz
ट्रंप को ईरान का करारा जवाब- फोटो : X

Strait of Hormuz: मिडिल ईस्ट की सियासत एक बार फिर सुलग उठी है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ तीखी ज़ुबान का इस्तेमाल करते हुए खुलेआम चेतावनी दे डाली। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर ट्रंप ने जो बयान दिया, उसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। उन्होंने पावर प्लांट डे और ब्रिज डे का जिक्र करते हुए इशारों-इशारों में बड़े हमले की धमकी दे डाली एक ऐसा बयान जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

ट्रंप ने साफ लफ्ज़ों में कहा कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को फौरन नहीं खोला गया, तो उसके संगीन नतीजे होंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने बेहद सख्त और तल्ख अंदाज़ में यहां तक कह दिया कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो ईरान को जहन्नुम भेज दिया जाएगा। यह बयान न सिर्फ आक्रामक है बल्कि कूटनीतिक लिहाज से भी काफी संवेदनशील माना जा रहा है।

दूसरी तरफ, ईरान ने भी बिना देर किए इस बयान पर कड़ा रद्द-ए-अमल दिया। खातम अल-अनबिया मुख्यालय के कमांडर अली अब्दुल्लाही ने ट्रंप की धमकी को बेबस, घबराया हुआ और नादानी भरा कदम करार दिया। उनका कहना है कि अमेरिका इस तरह की बयानबाज़ी से अपनी कमजोरी छिपाने की कोशिश कर रहा है।

ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर उसके बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ, तो उसका जवाब  लगातार होगा। ईरानी हुकूमत ने चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ठिकाने और इजरायली इंफ्रास्ट्रक्चर उनके निशाने पर होंगे। यानी हालात किसी भी वक्त भड़क सकते हैं।

सियासी जानकारों का मानना है कि यह बयानबाज़ी सिर्फ दबाव बनाने की रणनीति भी हो सकती है, लेकिन जिस तरह से दोनों तरफ से अल्फाज़ की जंग तेज हो रही है, वह किसी बड़े टकराव की आहट भी दे रही है। अब पूरी दुनिया की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह सियासी बयानबाज़ी तक सीमित रहेगा या फिर असल जंग का रूप ले लेगा।