Pakistan petrol price: पाकिस्तान में फ्यूल प्राइस ने तोड़ा रिकॉर्ड! पेट्रोल-डीजल 400 के पार, जनता में हाहाकार

Pakistan petrol price: पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 400 रुपए प्रति लीटर पार चला गया है। ये स्थिति मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-अमेरिका युद्ध की वजह से पैदा हो गई है।

Pakistan petrol price
महंगाई से बेहाल पाकिस्तान!- फोटो : social media

Pakistan petrol price: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब पाकिस्तान में साफ दिखने लगा है। वहां पेट्रोल और डीजल की कीमतें तेजी से बढ़ती जा रही हैं और हालात ऐसे हो गए हैं कि आम लोगों के लिए ईंधन खरीदना मुश्किल होता जा रहा है। ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें 400 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार देर रात पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ की सहमति से सरकार ने 8 मई को खत्म हुए हफ्ते के लिए नई कीमतें लागू की हैं। पेट्रोल की कीमत में 6.51 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जबकि डीजल 19.39 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया गया।

पाकिस्तान में आम लोगों के लिए बढ़ गया बोझ

नई दरों के अनुसार, हाई-स्पीड डीजल की कीमत 380.19 रुपए से बढ़कर 399.58 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं पेट्रोल की कीमत 393.35 रुपए से बढ़कर 399.86 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। यह बढ़ोतरी क्रमशः करीब पांच प्रतिशत और 1.65 प्रतिशत के आसपास है। हालांकि ये कीमतें एक्स-डिपो स्तर की हैं, लेकिन जब इनमें डीलर का मार्जिन और दूसरे खर्च जुड़ते हैं, तो पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को 400 रुपए से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। यानी आम लोगों के लिए असली बोझ और ज्यादा बढ़ गया है।

डीजल की कीमतों में इजाफा

जानकारों का कहना है कि सरकार और आईएमएफ के बीच इस बात पर सहमति बनी है कि आर्थिक लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएंगे, चाहे इसके लिए सरकारी खर्च में कटौती ही क्यों न करनी पड़े। इससे यह भी साफ है कि आने वाले समय में और सख्त फैसले लिए जा सकते हैं। इससे पहले डीजल की कीमत 10 अप्रैल को 520.35 रुपए प्रति लीटर के ऊंचे स्तर तक पहुंच गई थी, हालांकि बाद में कुछ कमी आई थी। लेकिन अब कीमतें फिर से बढ़ने लगी हैं। डीजल का इस्तेमाल ज्यादा तर माल ढुलाई में होता है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो जाती हैं।

पाकिस्तान में फ्यूल सब्सिडी की योजना

ईंधन की बढ़ती कीमतों से लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने कुछ कदम भी उठाए हैं। मोटरसाइकिल चलाने वालों, किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए फ्यूल सब्सिडी को एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इसका मकसद कमजोर और कम आय वाले लोगों को राहत देना है। इस योजना के तहत दोपहिया वाहन चलाने वालों को 100 रुपए प्रति लीटर तक की सब्सिडी दी जा रही है। यह सुविधा तीन महीने के लिए है और हर महीने अधिकतम 20 लीटर तक ही लागू होगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि बढ़ती अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों और ईरान से जुड़े तनाव का असर कुछ हद तक कम किया जा सके।