Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा बाजार में बड़ा धमाका, 9 लोगों की मौत, 23 घायल
Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बाजार में बड़ा बम धमाका हुआ है। इस धमाके में 9 लोगों की मौत और 23 लोग घायल हो गए। इसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।
Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार 12 मई 2026 को बड़ा बम धमाका हुआ। यह धमाका लक्की मारवत जिले के एक भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। वहीं 23 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब बाजार में काफी भीड़ थी।
पुलिस ने बताया कि विस्फोटकों से भरे एक लोडर रिक्शा में अचानक धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू 1122 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को नौरंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी
धमाके के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए पहुंचे। कई लोगों ने घायलों के लिए अस्पताल में रक्तदान भी किया। इससे पहले भी खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादी हमले हो चुके हैं। हाल ही में बन्नू जिले में फतेह खेल पुलिस चौकी पर कार बम हमला हुआ था, जिसमें 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। उस हमले के बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के चार्ज डी'अफेयर्स को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। पाकिस्तान का आरोप है कि हमले की साजिश अफगानिस्तान में बैठे आतंकियों ने रची थी। पाकिस्तान ने कहा है कि वह ऐसे हमलों के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अधिकार रखता है। लगातार हो रहे आतंकी हमलों के कारण पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।