Unique Marriage News: एक दुल्हन,दो दूल्हे, एक ही मंडप में पढ़ी गई मोहब्बत की डबल कसम, इंटरनेट पर मचा हंगामा

Unique Marriage News:अगर किसी शादी में पहुंचते ही आपकी नजर एक दुल्हन के साथ दो-दो दूल्हों पर पड़ जाए तो क्या होगा?

One Bride 2 Grooms Double Vows in Same Wedding Spark Buzz
एक दुल्हन,दो दूल्हे- फोटो : X

Unique Marriage News: शादियों का मौसम हो और मंडप, सेहरा, बैंड-बाजा और दुआओं की रौनक ना हो  ऐसा भला कैसे हो सकता है। आपने भी कई शादियों में जाकर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया होगा, मिठाई खाई होगी और खुशियों के उस माहौल का लुत्फ उठाया होगा। लेकिन जरा सोचिए, अगर किसी शादी में पहुंचते ही आपकी नजर एक दुल्हन के साथ दो-दो दूल्हों पर पड़ जाए तो क्या होगा? यकीनन पहले तो आपको लगेगा कि शायद कोई मज़ाक चल रहा है या फिर किसी फिल्म की शूटिंग हो रही है।मगर जनाब, ये कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि हकीकत है। दक्षिण-पूर्व एशिया के खूबसूरत देश थाइलैंड से सामने आई एक अनोखी शादी इन दिनों इंटरनेट पर तहलका मचा रही है। यहां 37 साल की डुआंगडुआन केत्सारो ने एक ही मंडप में दो विदेशी युवकों से शादी रचा ली और इस अजीबोगरीब निकाहनुमा विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।

बताया जा रहा है कि डुआंगडुआन पहले एक सिंगर और सॉन्गराइटर रह चुकी हैं। जिंदगी के उतार-चढ़ाव और आर्थिक परेशानियों के बीच उन्होंने काफी मुश्किल दौर देखा। इसी दौरान उनकी मुलाकात ऑस्ट्रिया के रिटायर्ड पुलिस अफसर रोमन से पटाया शहर में हुई। मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता मोहब्बत की डोर में बंध गया। करीब पांच साल तक दोनों साथ रहे और जिंदगी की गाड़ी आराम से चलती रही।इसी बीच किस्मत ने एक नया मोड़ लिया। डुआंगडुआन की जिंदगी में मैकी नाम के एक और ऑस्ट्रियाई युवक की एंट्री हुई। मुलाकातें बढ़ीं, दिल करीब आए और देखते ही देखते यह रिश्ता भी प्यार में बदल गया। हैरानी की बात यह है कि डुआंगडुआन ने इस रिश्ते को कभी छिपाया नहीं। उन्होंने खुलकर दोनों के सामने अपनी भावनाएं रखीं और तीनों ने मिलकर अपने भविष्य को लेकर लंबी बातचीत की।

आखिरकार फैसला हुआ कि क्यों न तीनों मिलकर एक नया रिश्ता कायम करें। इसके बाद पटाया में एक सादा मगर पारंपरिक समारोह में यह अनोखी शादी हुई। मंडप सजा, रिश्तेदार और करीबी दोस्त मौजूद रहे, और दुल्हन ने एक-एक करके दोनों दूल्हों के साथ सात फेरों जैसा वचन निभाया।सबसे दिलचस्प बात यह है कि डुआंगडुआन के परिवार ने भी इस रिश्ते को मंजूरी दे दी। उनकी पहले की शादी से तीन बेटियां और दो नाती-नातिन हैं, और परिवार का कहना है कि अगर इससे उनकी जिंदगी में सुकून आता है तो उन्हें कोई एतराज नहीं।

अब यह अजीबोगरीब शादी इंटरनेट पर चर्चा का तूफान बन चुकी है। कोई इसे मोहब्बत की नई मिसाल बता रहा है तो कोई इसे हैरानी भरी कहानी कह रहा है। मगर एक बात तय है  यह शादी लोगों को हैरान भी कर रही है और मुस्कुराने पर भी मजबूर कर रही है।