उत्तराखंड में मौसम का कहर : चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे फिर ठप

उत्तराखंड में मानसूनी आफत थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.....

उत्तराखंड में मौसम का कहर : चार जिलों में भारी बारिश का अलर्
उत्तराखंड में मौसम का कहर- फोटो : सोशल मीडिया

Deharadun : उत्तराखंड में मानसूनी आफत थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश के 5 अन्य पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। राजधानी देहरादून सहित कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, वहीं प्रशासनिक टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।


देहरादून के कई इलाकों में जलभराव, सड़कें बनीं ताल

सोमवार दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून के रायपुर रोड, ईसी रोड, डीएल रोड और राजपुर रोड समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में भीषण जलभराव देखने को मिला। चंद्रबनी क्षेत्र स्थित वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट रोड पर बारिश के कारण एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में मोहकमपुर में 29 मिमी और चकराता में 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान गिरकर 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।


भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे फिर बंद, गंगोत्री मार्ग 6 घंटे बाद बहाल

पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास, बाड़िया और सिलाई बैंड के पास भारी मलबा व बोल्डर आने से फिर ठप हो गया। रविवार शाम तीन दिन बाद खुला स्यानाचट्टी मार्ग रात में दोबारा हुए लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया, जिसे खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगातार कार्य में जुटी हैं। दूसरी ओर, गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी के पास हुए भू-धंसाव को साफ कर 6 घंटे बाद यातायात बहाल कर दिया गया।


मुख्यमंत्री धामी के कड़े निर्देश: 'लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी'

आपदा के बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।


खैनूरी गांव के 120 परिवारों के लिए सड़क जल्द ठीक करने के आदेश

चमोली जिले के दशोली ब्लॉक स्थित खैनूरी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को सीधे मुख्यमंत्री से फोन पर संपर्क कर सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। मलबे के कारण गांव के लगभग 120 परिवारों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए सीएम धामी ने जिलाधिकारी चमोली को खैनूरी गांव को जोड़ने वाली सड़क को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय निवासियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।