सनक ने ली जान: मामूली विवाद में फरसे से काट दी गर्दन, कटा सिर पास रखकर घर में खाना पकाता रहा आरोपी

एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां 21 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई. हत्यारे ने युवक की गर्दन काटकर सिर अपने घर ले गया और वहां खाना बनाता रहा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

murderer decapitates man takes head to his house
मामूली विवाद में फरसे से काट दी गर्दन- फोटो : news 4 nation

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसी खौफनाक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को सुन्न कर दिया है। मामूली विवाद के बाद एक सनकी युवक ने 21 वर्षीय बबलू की गर्दन काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक बबलू, जो पारा बेहटा गांव का निवासी था, पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी कर अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों का भरण-पोषण करता था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में मातम के साथ-साथ भारी तनाव का माहौल है।

विवाद के बाद सरेआम कत्लेआम

घटना उस वक्त हुई जब बबलू हमेशा की तरह बर्फ बेचने के लिए घर से निकला था। परसवाल गांव के पास उसका सामना स्थानीय निवासी शंकर से हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में पागल होकर शंकर ने पास रखे फरसे से बबलू पर हमला कर दिया और सरेआम उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। गर्दन कटने के कारण बबलू की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई और हमलावर मौके से फरार होने के बजाय एक बेहद खौफनाक कदम उठा बैठा।

सिर लेकर घर पहुँचा और बनाने लगा खाना

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला और वीभत्स पहलू तब सामने आया जब आरोपी शंकर मृतक का कटा हुआ सिर उठाकर अपने घर ले गया। सूचना मिलने के बाद जब पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर टीम आरोपी के घर दबिश देने पहुँची, तो वहां का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। आरोपी शंकर बेहद सामान्य तरीके से घर के अंदर खाना बना रहा था और उसके पास ही कटा हुआ सिर रखा हुआ था। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस जांच और इलाके में दहशत

पुलिस ने आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला किसी पुरानी रंजिश या आरोपी की मानसिक सनक का लग रहा है, हालांकि पुलिस असली कारणों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है। बाराबंकी के इस हत्याकांड ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों के बीच भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।