T20 World Cup 2026: वर्ल्डकप जिताने वाला हीरो थर्ड AC में घर लौटा, पत्नी भी थी साथ, ट्रेन में आसपास बैठे लोगों को भनक तक नहीं लगी
T20 World Cup 2026: मैदान में बल्ले से तूफान और मैदान के बाहर सादगी का मिसाल भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने फैन्स को हैरान भी किया...
T20 World Cup 2026: मैदान में बल्ले से तूफान और मैदान के बाहर सादगी का मिसाल भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने फैन्स को हैरान भी किया और उनका दिल भी जीत लिया। फाइनल मुकाबले में जब भारत की बैटिंग अपने आखिरी ओवर में थी, तब पूरे स्टेडियम में लाखों फैन्स “दुबे-दुबे” के नारे लगा रहे थे। क्रीज पर मौजूद शिवम दुबे ने भी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए आखिरी ओवर में 3 चौके और 2 जोरदार छक्के जड़ दिए और टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया।
मैच खत्म होने के बाद जहां ज्यादातर खिलाड़ी फ्लाइट पकड़कर अपने-अपने शहरों के लिए रवाना हो गए, वहीं दुबे ने एक अलग ही रास्ता चुना। उन्होंने हवाई सफर छोड़कर अहमदाबाद से मुंबई तक ट्रेन के थर्ड AC कोच से जाने का फैसला किया। इस फैसले के पीछे वजह भी खास थी उनका दिल अपने परिवार के पास जाने के लिए बेचैन था। मुंबई में उनका चार साल का बेटा अयान और दो साल की बेटी मेहविश बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे।
फाइनल के बाद पूरे शहर में जश्न का माहौल था और अहमदाबाद से मुंबई की फ्लाइट्स लगभग फुल थीं। ऐसे में दुबे ने अपनी पत्नी अंजुम और एक दोस्त के साथ सयाजी एक्सप्रेस से सफर करने का फैसला कर लिया। लेकिन असली चुनौती थी पहचान छिपाना। दुबे को डर था कि अगर लोग उन्हें पहचान लेंगे तो स्टेशन और ट्रेन में भीड़ लग सकती है।
इसलिए उन्होंने एक दिलचस्प प्लान बनाया। कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहनकर खुद को पूरी तरह कवर कर लिया। स्टेशन पर भी वे ट्रेन के रवाना होने से सिर्फ 5 मिनट पहले तक कार में बैठे रहे। जैसे ही ट्रेन का टाइम हुआ, वे जल्दी से कोच में चढ़ गए और सीधे ऊपर की बर्थ पर जाकर लेट गए।
सफर के दौरान टिकट चेकर भी आया। उसने पूछा “कौन शिवम दुबे? वही क्रिकेटर?” तभी उनकी पत्नी अंजुम ने फौरन जवाब दिया “नहीं-नहीं, वो कहां से आएगा!” और बात वहीं खत्म हो गई।
करीब 8 घंटे की इस ट्रेन जर्नी में किसी ने भी उन्हें नहीं पहचाना। हालांकि सुबहबोरीवली रेलवे स्टेशन पर उतरते वक्त उन्हें थोड़ा डर जरूर लगा। आखिरकार उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी और पुलिस एस्कॉर्ट के साथ वे स्टेशन से बाहर निकले।
जहां तक क्रिकेट की बात है, इस वर्ल्ड कप में भी दुबे का बल्ला खूब गरजा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 235 रन बनाए, 39 के औसत और 169 के स्ट्राइक रेट के साथ। इस दौरान उनकेबल्ले से 17 छक्के और 15 चौके निकले। मैदान पर शानदार प्रदर्शन और मैदान के बाहर सादगी इसी वजह से आज शिवम दुबे फैन्स के दिलों के असली हीरो बन गए हैं।