हुस्न परी शकीरा का फीफा में फिर चला जादू, 'दाई दाई' की दिलकश अदाओं से लूटी महफिल, दुनिया बोल रही वर्ल्ड कप की 'क्वीन'

विश्व कप 2026 के उद्घाटन समारोह में 'दाई दाई' गाने पर कोलंबियाई पॉप सुपरस्टार शकीरा का जलवा ऐसा रहा कि अब सोशल मीडिया पर उन्हें वर्ल्ड कप की 'क्वीन' कहकर तारीफ की जा रही है.

Shakira performs Dai Dai
Shakira performs Dai Dai- फोटो : news4nation

Shakira Dai Dai : फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ फीफा विश्व कप 2026 का आगाज रंग, संगीत और रोमांच के शानदार संगम के साथ हुआ, लेकिन उद्घाटन समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण रहीं कोलंबियाई पॉप सुपरस्टार शकीरा। अपनी मखमली आवाज, दिलकश अदाओं और दमदार मंचीय उपस्थिति से शकीरा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आखिर उन्हें दुनिया भर में "क्वीन ऑफ वर्ल्ड कप" क्यों कहा जाता है।


मैक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एस्टेका स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान शकीरा ने नाइजीरियाई गायक बर्ना बॉय के साथ फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक एंथम 'दाई दाई' पर प्रस्तुति दी। जैसे ही शकीरा मंच पर पहुंचीं, पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठा। हजारों दर्शक उनकी एक झलक पाने और उनके साथ झूमने के लिए बेताब नजर आए। उनकी मोहक मुस्कान, लयबद्ध डांस मूव्स और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया।


करीब 90 मिनट तक चले इस भव्य समारोह में शकीरा की प्रस्तुति सबसे ज्यादा चर्चा में रही। गीत की धुनों के साथ स्टेडियम में रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशी प्रभाव और स्मोक बॉम्ब ने ऐसा दृश्य तैयार किया कि दर्शक अपनी सीटों पर टिक नहीं पाए। सोशल मीडिया पर भी उनकी प्रस्तुति के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे और दुनिया भर के प्रशंसकों ने उनकी जमकर तारीफ की।


इस प्रदर्शन के साथ शकीरा ने एक नया इतिहास भी रच दिया। वह दुनिया की पहली और एकमात्र कलाकार बन गई हैं जिन्होंने चार अलग-अलग फीफा विश्व कप के मुख्य मंचों पर प्रस्तुति दी है। इससे पहले भी उनके गाने विश्व कप की पहचान बन चुके हैं और यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया उन्हें "वर्ल्ड कप की क्वीन" की उपाधि देता है।


हालांकि इस बार सिर्फ उनकी गायकी ही नहीं, बल्कि उनका फैशन स्टेटमेंट भी चर्चा का केंद्र बना रहा। शकीरा ने इटैलियन फैशन ब्रांड 'ऑफ-व्हाइट' द्वारा डिजाइन किया गया विशेष कस्टम आउटफिट पहना था। चमकदार और आकर्षक परिधान में उनका ग्लैमरस अंदाज सोशल मीडिया पर छा गया। फैशन विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने उनके इस लुक को उद्घाटन समारोह का सबसे स्टाइलिश मोमेंट बताया।


उद्घाटन समारोह के बाद विश्व कप के मुकाबलों का रोमांच शुरू हो गया, लेकिन पहले दिन की सबसे यादगार तस्वीर शकीरा की ही रही। फुटबॉल के इस वैश्विक उत्सव में उन्होंने एक बार फिर अपनी आवाज, अदाओं और ऊर्जा से साबित कर दिया कि जब शकीरा मंच पर होती हैं, तो सिर्फ संगीत नहीं बजता, बल्कि पूरा स्टेडियम उनके सुरों पर थिरकने लगता है।