RCB Vs CSK: रन मशीन बनी RCB, 250 के पहाड़ के आगे CSK हुई फेल

RCB Vs CSK: IPL 2026 में RCB ने CSK को 43 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

RCB Vs CSK
चेन्नई सुपर किंग्स की करारी हार- फोटो : social media

RCB Vs CSK: IPL 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हरा दिया। मैच में CSK ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन RCB के बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रनों का बड़ा स्कोर बनाया, जो टीम के IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टीम को फिल साल्ट ने 46 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार ने 48 रन बनाए और टिम डेविड ने 70 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 30 रन पर अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए, जिसमें कप्तान भी शामिल थे। संजू सैमसन 9 रन बनाकर आउट हो गए और ऋतुराज गायकवाड़ भी सिर्फ 7 रन ही बना सके। आयुष म्हात्रे भी 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सरफराज खान ने कुछ हद तक पारी संभाली और 25 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। शिवम दुबे ने 18 रन बनाए। बाद में प्रशांत वीर और जेमी ओवरटन ने 57 रनों की साझेदारी की, जिससे थोड़ी उम्मीद जगी, लेकिन उनके आउट होते ही टीम की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई।

CSK की लगातार तीसरी हार

चेन्नई की पूरी टीम 207 रन पर सिमट गई और बेंगलुरु ने 43 रनों से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ RCB अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने 2 में से 2 मैच जीते हैं और उसके 4 अंक हैं। वहीं CSK की यह लगातार तीसरी हार है और टीम -2.517 नेट रन रेट के साथ 10वें स्थान पर है। मैच में RCB के बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त बल्लेबाजी की। टिम डेविड और रजत पाटीदार ने आखिरी 29 गेंदों में 99 रन जोड़ दिए, जिससे टीम का स्कोर 250 तक पहुंच गया। वहीं CSK के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। अंशुल कंबोज ने 52 रन, नूर अहमद ने 49 रन और जेमी ओवरटन ने 42 रन दिए। बाकी गेंदबाज भी रन रोकने में नाकाम रहे।