GT Vs RR: थ्रिलर मैच में राजस्थान की जीत, अंतिम गेंद पर टूटा गुजरात का सपना

GT Vs RR: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया। ये मैच आखिरी ओवर में पलट गया।

GT Vs RR
आखिरी गेंद पर पलटा मैच!- फोटो : social media

GT Vs RR: आईपीएल 2026 में शनिवार (4 अप्रैल 2026) को खेले गए एक रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां आखिरी ओवर तक मैच का नतीजा तय नहीं हो पाया। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और मजबूत शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मिलकर 70 रन की ओपनिंग साझेदारी की। जायसवाल ने 55 रन बनाए, जबकि सूर्यवंशी ने 31 रन जोड़े। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 75 रन की पारी खेली, जिसकी मदद से राजस्थान ने 20 ओवर में 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी की। साई सुदर्शन ने 73 रन की बेहतरीन पारी खेली और जब तक वह क्रीज पर थे, तब तक गुजरात की जीत आसान लग रही थी। लेकिन उनके आउट होते ही टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। मैच का असली रोमांच आखिरी दो ओवरों में देखने को मिला। 18 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 196 रन था और उसे जीत के लिए 12 गेंद में सिर्फ 15 रन चाहिए थे। उस समय राशिद खान और कगिसो रबाडा क्रीज पर थे और मैच गुजरात के पक्ष में दिख रहा था।

जोफ्रा आर्चर ने की शानदार गेंदबाजी

मैच के 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए और यहीं से मैच पलट गया। इसके बाद आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए और राजस्थान को 6 रन से जीत दिला दी। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने एक रोमांचक मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।