Bihar News : आज से BCA का T-20 लीग मैच का हुआ शुभारंभ, दिखेंगे वैभव-साक़िब जैसे कई धुरंधर
राजधानी पटना स्थित मोइन-उल-हक स्टेडियम में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित BCA मेंस टी-20 ट्रॉफी 2025-26 टूर्नामेंट का आज आगाज हुआ। इस टूर्नामेंट में बिहार के वैभव और साकिब जैसे खिलाड़ी जो आज देश में तहलका मचाए हुए है खेलते नजर आएंगे
Patna : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित BCA मेंस टी-20 ट्रॉफी 2025-26 टूर्नामेंट का आज आगाज हुआ। इस टूर्नामेंट में बिहार के वैभव और साकिब जैसे खिलाड़ी जो आज देश में अपने खेल से तहलका मचाए हुए खेलते नजर आएंगे। आज राजधानी पटना स्थित मोइन-उल-हक स्टेडियम में पहला मैच दरभंगा बनाम मुजफ्फरपुर के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में दरभंगा की टीम ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर को 23 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर मुजफ्फरपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से अल्तमिश अली ने 43 गेंदों पर 58 रनों की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा सचिन पांडेय ने 22 रन तथा सनी कुमार ने तेज 19 रनों का योगदान दिया।
मुजफ्फरपुर की ओर से गेंदबाजी में विशाल कृष्णा राज ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि वासुदेव प्रसाद सिंह, ठाकुर देवाशीष, आकाश ओझा, अंकित सिंह और शुभम मॉल को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी। टीम के लिए चंद्रा प्रकाश ने 26 गेंदों पर 46 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिल सका। आदित्य अभिषेक सिन्हा ने 19 रन का योगदान दिया।
दरभंगा की ओर से गेंदबाजी में अनुराग सिंह रॉय ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मयंक कुमार, अल्तमिश अली और अंकित चौधरी ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। दरभंगा की टीम ने सामूहिक और संतुलित प्रदर्शन के दम पर मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखते हुए 23 रनों से जीत दर्ज की। मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में दूसरा मुकाबला शिवहर बनाम मधुबनी के बीच लीग मुकाबला खेला गया, जिसमें शिवहर की टीम ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए मधुबनी को 14 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवहर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। टीम की ओर से निकेश कुमार ने 59 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि तथागत आनंद ने मात्र 29 गेंदों पर 60 रनों की तेजतर्रार पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। विकाश कुमार ने 33 रन का योगदान दिया।
मधुबनी की ओर से अमरजीत देवनारायण भगत ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मुकेश सीताराम कुमार को 1 विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुबनी की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आदित्य राज ने 79 रनों की प्रभावी पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। अमरजीत देवनारायण भगत ने 17 रन और विकाश कुमार झा ने 11 रन का योगदान दिया। शिवहर की ओर से गेंदबाजी में मनीष कुमार, विवेक आनंद तथा तथागत आनंद ने 2-2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यशवंत स्पोर्ट्स ग्राउंड, विक्रम (पटना) में पहला मुकाबला पूर्वी चंपारण और सारण के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में पूर्वी चंपारण की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सारण को 119 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वी चंपारण की टीम ने 19.4 ओवर में 198 रन बनाए। टीम की ओर से मणि कौशल कांत ने 32 गेंदों पर 46 रनों की प्रभावी पारी खेली, जबकि कप्तान साकिबुल गनी ने 21 गेंदों पर 43 रन बनाए। गोपी कृष्णा गांधी ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 35 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में तुन्ना कुमार ने 7 गेंदों पर 18 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
सारण की ओर से गेंदबाजी में प्रशांत कुमार सिंह और अनुप कुमार ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि मयंक सिंह को 2 विकेट मिले। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 16.3 ओवर में 79 रन पर सिमट गई। टीम के लिए अरुणेश कुमार ने 24 रन और अनुप कुमार ने 14 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।
पूर्वी चंपारण की ओर से गेंदबाजी में मणि कौशल कांत ने 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा तुन्ना कुमार और आशुतोष कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत को सुनिश्चित किया। साकिबुल गनी, इमरान हाशमी और करण कुमार को 1-1 सफलता मिली। इस प्रकार पूर्वी चंपारण की टीम ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बनाए रखी और 119 रनों से प्रभावी जीत दर्ज की।
यशवंत स्पोर्ट्स ग्राउंड, विक्रम (पटना) दूसरे मुकाबले में पश्चिम चंपारण बनाम गोपालगंज के बीच लीग मुकाबला खेला गया, जिसमें गोपालगंज की टीम ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिम चंपारण की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। टीम की ओर से ओम कुमार सिंह ने 52 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि आयुष कुमार ने 18 रन और इनामुद्दीन कैफ ने 15 रन का योगदान दिया।
गोपालगंज की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार सिंह, रिंकल तिवारी और लोकेश बाबूलाल कुमार ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को नियंत्रित किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपालगंज की टीम ने 19.1 ओवरों में 6 विकेट खोकर 143 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आयुष्मान श्रीवास्तव ने 41 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि ओम कुमार सिंह ने 52 रन बनाए थे जो मैच के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल रहे। इसके अलावा प्रशांत कुमार ने 28 रन और उत्कर्ष सिंह ने 21 रन का योगदान दिया।
पश्चिम चंपारण की ओर से गेंदबाजी में लोकेश बाबूलाल कुमार और अंकुर कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि हिमांशु तिवारी और आयुष कुमार को 1-1 विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज लक्ष्य को बचाने में सफल नहीं हो सके। इस प्रकार गोपालगंज की टीम ने संतुलित बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी के दम पर 4 विकेट से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत की।