Akshara new love: पवन के पावर से अक्षरा का तौबा, नए साहब से मुहब्बत का सौदा, अक्षरा सिंह की आशिकी में आया नया मोड़

Akshara new love: अक्षरा सिंह ने साफ कर दिया है कि पुराना किस्सा अब भूतकाल की फाइलों में दफन हो चुका है। अब वह किसी और के प्रेमालिंगन में हैं और...

Bhojpuri actress Akshara Singh found love again after Pawan
पवन के पावर से अक्षरा का तौबा- फोटो : reporter

Akshara new love: कहते हैं कि मुहब्बत और खैनी की लत एक बार लग जाए तो मरते दम तक पीछा नहीं छोड़ती, लेकिन भोजपुरी की शेरनी अक्षरा सिंह ने इस कहावत को इश्क के दरिया में डुबो दिया है। जिस इंडस्ट्री में कभी पवन सिंह के नाम का सिक्का चलता था और अक्षरा की दुनिया उसी पावर के इर्द-गिर्द घूमती थी, वहां अब मुहब्बत की एक नई नज़्म पढ़ी जा रही है। अक्षरा ने अपनी ज़ुबान क्या खोली, पूरी इंडस्ट्री में जलला आ गया है।

भोजपुरी जगत की रानी अक्षरा सिंह इन दिनों किसी गुप्त आशिक के ख्यालों में गुम हैं। उन्होंने सरेआम इस बात का एतराफ किया है कि उन्हें दूसरी बार किसी से  मुहब्बत हो गई है। अक्षरा का यह खुलासा उन लोगों के मुंह पर तमाचे की तरह है, जो समझते थे कि पवन सिंह से अलगाव के बाद वह जुदाई की आग में जल रही होंगी। अक्षरा ने  साफ कर दिया है कि पुराना किस्सा अब भूतकाल की फाइलों में दफन हो चुका है। अब वह किसी और के प्रेमालिंगन में हैं और अपने भविष्य की नई इबारत लिख रही हैं। हालांकि, उन्होंने अपने इस नए मजनूं के नाम को अभी तक दिल का राज बना कर रखा है।

जब अक्षरा से उनके इस नए इश्क का नाम पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी चालाकी और नज़ाकत से सवाल को यह कहकर टाल दिया कि "मुझे नजर बहुत जल्दी लगती है।" अब इसे डर कहें या कुछऔर लेकिन इंडस्ट्री में चर्चा गरम है कि क्या यह नया इश्क वाकई टिकाऊ है या फिर सिर्फ पुराने जख्मों पर मरहम लगाने की एक कोशिश?

अक्षरा ने यह भी कहा कि वह फिलहाल सामने वाले को समझ रही हैं। यानी मामला अभी फिगर आउट मोड में है। बिना प्यार के भला कौन जिंदा रह सकता है? अक्षरा का यह जुमला उन तमाम आलोचकों के लिए है जो उनके अकेलेपन पर चुटकियां लेते थे।

एक दौर था जब पवन और अक्षरा की जोड़ी को भोजपुरी का लैला-मजनूं कहा जाता था। लेकिन फिर उस रिश्ते का जो हश्र हुआ, उसने पूरी दुनिया के सामने भोजपुरी सिनेमा की साख पर सवाल खड़े किए। इल्जामों की बौछार हुई, थाने-कचहरी के चक्कर लगे और सरेआम तमाशा हुआ।

अब अक्षरा का खुलकर यह कहना कि वह दोबारा किसी के प्रेमपाश में बंधी हैं, सीधे तौर पर पावर स्टार के रसूख को चुनौती है। यह पैगाम है कि महफिल भले ही तुम्हारी हो, लेकिन शमा अब किसी और के नाम की जलेगी।

 अक्षरा अब पुरानी यादों के मलबे से बाहर निकलकर नए आशियाने की तलाश में हैं। अब देखना यह है कि यह नया इश्क कब तक परदे के पीछे रहता है और कब यह गुमनाम आशिक महफिल-ए-आम में बेनकाब होता है। फिलहाल तो अक्षरा की मुस्कुराहट बता रही है कि "बड़े बेआबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले, मगर अब नए कूचे में रौनक भरपूर है!"

रितिक कुमार की विशेष रिपोर्ट