Bollywood News: माथे में गोली मार देंगे...रैपर बादशाह को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
Bollywood News: सिंगर-रैपर बादशाह को जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस विश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली है। गैंग ने धमकी भरे लहजे में कहा है कि पहले ट्रेलर दिखाएं थे और माथे में गोली मार देंगे।
Bollywood News: भारतीय रैपर और सिंगर बदशाह को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह धमकी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से दी गई है। बताया जा रहा है कि धमकी फोन कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। यह पोस्ट “रंदीप मलिक अनिल पंडित” नाम के अकाउंट से किया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि वह बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। इसी पोस्ट में सिंगर बादशाह को धमकी दी गई है।
बादशाह को मिली जान से मारने की धमकी
पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि गैंग ने गैरी और शैंकी के पानीपत स्थित ऑफिस में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। इसमें कहा गया कि फायरिंग के पीछे वजह हवाला गतिविधियों से जुड़ा मामला था और ऐसे कामों में शामिल लोगों को चेतावनी दी गई है। पोस्ट में साल 2024 में बादशाह के क्लब में हुए हमले का भी जिक्र किया गया है। इसमें लिखा गया कि “2024 में हमने आपको ट्रेलर दिखाया था, इस बार सीधे आपके माथे पर गोली मारेंगे।”
टटीरी को लेकर विवाद
बताया जा रहा है कि यह विवाद बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर शुरू हुआ है। आरोप है कि गाने के एक लिरिक्स में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। इस मामले में हरियाणा में सिंगर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है। विवाद बढ़ने के बाद गाने को कई डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है।
सोशल मीडिया पर बादशाह ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने पर बादशाह ने सोशल मीडिया के जरिए माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने से हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका दुख है और लोग उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ करें। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि वायरल पोस्ट वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़े किसी व्यक्ति ने किया है या नहीं। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए हैं। हालांकि इस धमकी को लेकर बादशाह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।