61 साल की उम्र में आमिर खान ने की तीसरी शादी, जानिए कौन हैं दुल्हनिया गौरी स्प्रैट

आमिर विवाह संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जबकि गौरी उनके साथ बैठी हैं। समारोह में गौरी के पहले विवाह से उनका बेटा भी मौजूद था।

Aamir Khan Marries Gauri Spratt
Aamir Khan Marries Gauri Spratt - फोटो : news4nation

Aamir Khan : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने 61 वर्ष की उम्र में अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर बेहद निजी समारोह में विवाह रचाया। शादी में परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और दोनों की पिछली शादियों से हुए बच्चे शामिल हुए।


शादी की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है, जिसमें आमिर और गौरी विवाह की औपचारिकताएं पूरी करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में आमिर विवाह संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जबकि गौरी उनके साथ बैठी हैं। समारोह में गौरी के पहले विवाह से उनका बेटा भी मौजूद था। वहीं आमिर के बेटे आजाद, बेटी इरा खान, बेटे जुनैद खान और इरा के पति नुपुर शिखरे भी इस खास मौके का हिस्सा बने। आमिर की मां जीनत हुसैन भी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समारोह में शामिल हुईं।


शादी के दौरान आमिर खान ने सादा सफेद पारंपरिक परिधान पहना, जबकि गौरी स्प्रैट ने हल्के बेज रंग का पारंपरिक परिधान चुना। दोनों की सादगी और पारिवारिक माहौल वाली शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।


कौन हैं गौरी स्प्रैट?

47 वर्षीय गौरी स्प्रैट का जन्म बेंगलुरु में हुआ है। वह एक बहुसांस्कृतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता रॉबर्ट स्प्रैट तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि मां रीटा स्प्रैट पंजाबी-आयरिश पृष्ठभूमि से हैं। उनके दादा फिलिप स्प्रैट ब्रिटेन में जन्मे लेखक और कम्युनिस्ट विचारक थे, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से भी जुड़कर काम किया था।


गौरी ने ऊटी के ब्लू माउंटेन स्कूल से पढ़ाई करने के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से फैशन डिजाइन और फोटोग्राफी की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई और वर्तमान में मशहूर हेयर एवं ब्यूटी ब्रांड BBlunt की पार्टनर और डायरेक्टर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ क्रिएटिव कंसल्टेंट के तौर पर भी जुड़ी रही हैं।


दोनों 25 साल से थे परिचित

रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते थे और पिछले दो वर्षों से रिलेशनशिप में थे। पिछले एक साल से दोनों मुंबई में साथ रह रहे थे। गौरतलब है कि आमिर खान की यह तीसरी शादी है। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिससे 2002 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों ने 2021 में अलग होने की घोषणा की थी। अब गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बाद आमिर ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है।