UGC-NET जून 2026: इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के री-एग्जाम का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

NTA ने अगस्त में इन तीन विषयों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया था। मूल प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद एजेंसी की ओर से गठित समिति ने मामले की जांच की थी।

UGC NET Result 2026
UGC NET Result 2026 - फोटो : news4nation

UGC-NET :   नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की दोबारा आयोजित परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इन तीनों विषयों की पुनर्परीक्षा सितंबर में आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।


इन तीन विषयों के लिए कुल 1,96,491 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 1,20,355 अभ्यर्थी 9 और 10 सितंबर को आयोजित पुनर्परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देशभर के 272 शहरों में 454 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। री-एग्जाम में शामिल अभ्यर्थियों में से 824 अभ्यर्थी जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए सफल हुए हैं। वहीं 11,610 अभ्यर्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल की है। इसके अलावा 23,154 अभ्यर्थी केवल PhD में प्रवेश के लिए योग्य घोषित किए गए हैं।


सवालों में गड़बड़ी के बाद हुई थी पुनर्परीक्षा

NTA ने अगस्त में इन तीन विषयों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया था। मूल प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद एजेंसी की ओर से गठित समिति ने मामले की जांच की थी। जांच में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां, विद्वानों के नामों की गलत वर्तनी, किताबों के शीर्षकों में गड़बड़ी, प्रश्नों की भाषा में त्रुटि, व्याकरण और विराम चिह्नों की गलतियां तथा पहले पूछे जा चुके कई प्रश्नों की पुनरावृत्ति जैसी समस्याएं सामने आई थीं।


इसके बाद NTA ने कुछ प्रश्नों को हटाकर परिणाम जारी करने के बजाय तीनों विषयों की फ्रेश परीक्षा कराने का निर्णय लिया। इंग्लिश और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर तथा सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को हुई थी।


10 से 13 सितंबर तक दर्ज हुई आपत्तियां

पुनर्परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की और अभ्यर्थियों की रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स शीट 10 से 13 सितंबर तक उपलब्ध कराई गई थी। इस दौरान प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई। इसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार कर परिणाम घोषित किया गया।


ऐसे डाउनलोड करें UGC-NET री-एग्जाम स्कोरकार्ड

आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं। होमपेज पर Candidate Activity सेक्शन में जाएं। UGC-NET June 2026 Score Card (Re-Exam) लिंक पर क्लिक करें। अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर लॉगिन करें। स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा। स्कोरकार्ड डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखें। 

84 विषयों का रिजल्ट पहले ही हो चुका है जारी

UGC-NET जून 2026 परीक्षा पहले 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। इनमें से 84 विषयों के परिणाम 28 अगस्त को घोषित कर दिए गए थे, जबकि इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के परिणाम पुनर्परीक्षा के कारण रोक दिए गए थे। 84 विषयों में 7,73,806 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और 6,07,151 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। जून की परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में 286 शहरों के 655 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।