Bihar Teacher Crime:नेपाल टूर से लौटे नशे में धुत गुरुजी, चेकपोस्ट पर ब्रेथ एनालाइजर ने खोली पोल, 5 शिक्षक गिरफ्तार

Bihar Teacher Crime: नेपाल से लौटते वक्त शराब के नशे में पाए जाने पर पांच शिक्षकों को मद्य निषेध विभाग ने धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

Supaul 5 Teachers Held Drunk After Nepal
नेपाल टूर से लौटे नशे में धुत गुरुजी- फोटो : reporter

Bihar Teacher Crime:  बिहार के सुपौल जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां ज्ञान देने वाले गुरुजी खुद कानून की जद में आ गए। नेपाल से लौटते वक्त शराब के नशे में पाए जाने पर पांच शिक्षकों को मद्य निषेध विभाग ने धर दबोचा। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा महकमे में ‘हड़कंप’ मच गया है।

घटना भीमनगर चेकपोस्ट की है, जहां मद्य निषेध विभाग की टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान नेपाल से लौट रहे पांच लोगों को शक के आधार पर रोका गया। जब टीम ने ‘ब्रेथ एनालाइजर’ से जांच की, तो सभी के शराब सेवन की पुष्टि हो गई।

इसके बाद मौके पर ही नशे में चूर इन पांचों शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपी मधेपुरा जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं और मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों को लेकर नेपाल गए थे। आरोप है कि वापसी के दौरान इन्होंने शराब का सेवन किया और फिर बॉर्डर पार करने की कोशिश कर रहे थे।

मामले की पुष्टि करते हुए मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने साफ कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और यहां शराब पीना या इसके प्रभाव में होना भी अपराध की श्रेणी में आता है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस घटना के सामने आते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा देखने को मिला। लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों के कंधों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी होती है, वही अगर कानून तोड़ेंगे तो समाज में गलत संदेश जाएगा। फिलहाल इस पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ‘गुरुजी की यह करतूत’ अब चर्चा का विषय बन गई है और विभागीय कार्रवाई की तलवार भी इन पर लटकती नजर आ रही है।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र