Bihar School News: क्लासरूम बना कबाबखाना! गुरुजी की चिकन पार्टी में शराब चलाओ का फरमान, शिक्षा मंदिर में उड़ाई गई कानून की धज्जियां, डर खत्म या सेटिंग मजबूत? कार्रवाई क्यों नहीं होती

Bihar School News:जिस जगह बच्चों को शिक्षा, तहजीब और ज़िंदगी जीने का ढ़ंग सिखाई जानी चाहिए, वहीं दावत-ए-मांस और मौज-मस्ती का नज़ारा देखने को मिला।एक शिक्षक की आवाज साफ सुनाई देती है “शराब चलाओ…”।...

Motihari Classroom Turns Kebab Hub
गुरुजी का नया पाठ-किताब छोड़ो, पार्टी करो!- फोटो : reporter

Bihar School News:बिहार के मोतिहारी से सामने आया एक वायरल वीडियो शिक्षा व्यवस्था पर ऐसा काला धब्बा बनकर उभरा है, जिसने सिस्टम की साख को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आदापुर प्रखंड के यूएमएस उचीडीह विद्यालय का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जहां क्लासरूम के अंदर आधा दर्जन से ज्यादा शिक्षक ‘चिकन पार्टी’ करते नजर आ रहे हैं।

जिस जगह बच्चों को शिक्षा, तहजीब और ज़िंदगी जीने का ढ़ंग सिखाई जानी चाहिए, वहीं दावत-ए-मांस और मौज-मस्ती का नज़ारा देखने को मिला। ब्लैकबोर्ड के सामने किताबें नहीं, बल्कि कड़ाही में पकता चिकन दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक शिक्षक की आवाज साफ सुनाई देती है शराब चलाओ…। ये लफ्ज़ सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि कानून और जिम्मेदारी पर सीधा हमला माने जा रहे हैं।

बिहार में शराबबंदी कानून को सरकार अपनी बड़ी कामयाबी बताती है, लेकिन इसी कानून का मजाक उड़ाते हुए अगर शिक्षक ही जाम की बात करें, तो सवाल उठना लाज़िमी है। क्या ये महज एक मौज-मस्ती थी या फिर सिस्टम में गहराई तक फैली लापरवाही और सेटिंग का नतीजा? सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर जबरदस्त गुस्सा है। लोग तंज कस रहे हैं कि बच्चों के मिड-डे मील का हक मारकर गुरुजी खुद दावत उड़ा रहे हैं। कई यूज़र्स का कहना है कि जिला शिक्षा विभाग में मैनेजमेंट का ऐसा खेल चलता है कि कोई भी कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाती है।

इससे पहले भी हरसिद्धि इलाके में एक शिक्षक का ऑर्केस्ट्रा में कमरतोड़ डांस का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन उस पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से सिस्टम की कार्यशैली पहले ही सवालों में थी। अब इस नए वीडियो ने आग में घी डालने का काम किया है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो शिक्षा के मंदिर को ‘तमाशा’ बना देने के लिए काफी हैं। अब बड़ा सवाल ये है क्या इस बार भी मामला फाइलों में दफन हो जाएगा, या फिर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी? मोतिहारी का ये वीडियो सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ बन चुका है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार