Bihar Education News: क्लासरूम में घुसकर शिक्षक की पिटाई, छात्रा से छेड़खानी के आरोप के बाद स्कूल में बवाल, महकमे में हड़कंप

Bihar Education News: आधा दर्जन युवक अचानक स्कूल परिसर में घुस आए और एक शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी।...

 Darbhanga Teacher Beaten Inside Classroom
स्कूल में बवाल- फोटो : reporter

Bihar Education News: बिहार के एक सरकारी स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आधा दर्जन युवक अचानक स्कूल परिसर में घुस आए और एक शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

बताया जा रहा है कि मामला दरभंगा सदर प्रखंड के नैनाघाट पंचायत स्थित मझियाम मध्य विद्यालय का है। आरोप है कि शनिवार को कुछ युवक स्कूल में घुस आए और एक शिक्षक को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के अंदर हंगामा और हाथापाई साफ दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद शिक्षक की जान बच सकी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इस पूरे विवाद की जड़ एक गंभीर आरोप है। चर्चा है कि विद्यालय की छठी कक्षा की एक छात्रा के साथ क्लासरूम में कथित छेड़खानी की गई थी। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गुस्साए युवक स्कूल पहुंच गए और शिक्षक पर हमला कर दिया। हालांकि अब तक पुलिस या शिक्षा विभाग की ओर से छेड़खानी के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर शिक्षक पर आरोप था तो कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए था। स्कूल जैसे संवेदनशील परिसर में घुसकर मारपीट करना कानून को हाथ में लेने जैसा है। इस घटना से छात्रों और अभिभावकों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से जवाब तलब करते हुए पूछा है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुलिस और विभागीय अधिकारियों को तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई। बीईओ ने 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर स्कूल के अंदर कानून व्यवस्था कैसे ध्वस्त हो गई? क्या आरोपों की आड़ में भीड़ ने इंसाफ अपने हाथ में ले लिया? फिलहाल शिक्षा विभाग और प्रशासन दोनों मामले की तह तक पहुंचने में जुटे हैं, जबकि वायरल वीडियो ने पूरे बिहार में नई बहस छेड़ दी है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर