बिहार में सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की बंपर बहाली, 3,687 पदों पर आवेदन शुरू; बिना परीक्षा होगी नियुक्ति
योग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती छह विषयों में की जाएगी। इनमें इंग्लिश के सबसे अधिक 674 पद, इतिहास के 662, हिन्दी के 625, इकोनॉमिक्स के 597, पॉलिटिकल साइंस के 596 और सोशियोलॉजी के 533 पद शामिल हैं।
Bihar Assistant Professor Recruitment : बिहार में सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के विश्वविद्यालयों और राजकीय डिग्री कॉलेजों में 3,687 असिस्टेंट प्रोफेसरों की संविदा आधारित भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया के लिए 3 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती छह विषयों में की जाएगी। इनमें इंग्लिश के सबसे अधिक 674 पद, इतिहास के 662, हिन्दी के 625, इकोनॉमिक्स के 597, पॉलिटिकल साइंस के 596 और सोशियोलॉजी के 533 पद शामिल हैं।
योग्यता क्या है?
अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर), अत्यंत पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) और दिव्यांग अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा उम्मीदवार का यूजीसी-नेट/सीएसआईआर-नेट उत्तीर्ण होना आवश्यक है। हालांकि, यूजीसी के 2009 और 2016 के नियमों के तहत पीएचडी करने वाले अभ्यर्थियों को नेट से छूट मिलेगी। वहीं, पुराने नियमों के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले पीएचडी धारकों और विश्व के शीर्ष 100 क्यूएस रैंकिंग वाले विश्वविद्यालयों से पीएचडी करने वाले उम्मीदवार भी नेट से मुक्त होंगे।

आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा अधिकतम 43 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। इस भर्ती की खास बात यह है कि कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह शैक्षणिक उपलब्धियों और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। कुल 100 अंकों में से 88 अंक शैक्षणिक योग्यता के लिए निर्धारित हैं, जिसमें पीएचडी, जेआरएफ, नेट, शोध कार्य, स्नातकोत्तर, स्नातक, इंटर और मैट्रिक के अंकों का मूल्यांकन होगा। शेष 12 अंक इंटरव्यू के लिए होंगे, जिसमें 6 अंक शिक्षण कौशल और 6 अंक साक्षात्कार के लिए निर्धारित हैं। इसी आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

आवेदन शुल्क नहीं
इस भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। आयोग ने आवेदन शुल्क नहीं लिया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 और 18 जुलाई को स्क्रूटिनी, 20 से 27 जुलाई तक साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जबकि 7 अगस्त 2026 तक ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।