पीएम मोदी के जन्मदिन पर बिहार के सरकारी स्कूलों में जलेंगे कम से कम 100 दीये, आदेश नहीं माना तो बड़ी कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि दीया प्रज्वलन कार्यक्रम की तस्वीरें, रील और वीडियो शिक्षा विभाग के व्हाट्सऐप ग्रुप में समय पर साझा किए जाएं।
Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई है। इस अपील के बाद बिहार के स्कूलों में भी दीया जलाने का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। जहानाबाद के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं शिक्षाकर्मियों को इस कार्यक्रम में शामिल होने को कहा गया है।
इसे लेकर शिक्षा विभाग ने एक पत्र जारी कर राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को 17 सितंबर को सभी विद्यालयों और छात्रावासों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वल्लित करने का निर्देश दिया है.
शाम 7:15 बजे जलाने होंगे कम से कम 100 दीये
जहानाबाद के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 14 सितंबर 2026 को जारी पत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना जारी की गई है। इस कार्ययोजना में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। आदेश के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय में सभी शिक्षक, प्रधानाध्यापक, प्राचार्य एवं व्याख्याता शाम 6:30 बजे एकत्र होंगे। इसके बाद शाम 7:15 बजे कम से कम 100 दीये सुरक्षित तरीके से जलाते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करनी होगी तस्वीरें और वीडियो
जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि दीया प्रज्वलन कार्यक्रम की तस्वीरें, रील और वीडियो शिक्षा विभाग के व्हाट्सऐप ग्रुप में समय पर साझा किए जाएं। इन तस्वीरों और वीडियो का उपयोग जिला स्तर पर वीडियो या प्रदर्शनी तैयार करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और प्राचार्य को कार्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग के व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किए गए फ्लेक्स प्रिंट का उपयोग करने तथा कार्यक्रम से संबंधित तस्वीरें और वीडियो साझा करने का निर्देश दिया गया है।
विद्यालय प्रधान होंगे जिम्मेदार
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी विद्यालय प्रधान की होगी। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेने की बात कही गई है। कार्यक्रम की निगरानी के लिए संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा तथा जहानाबाद के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को वरीय नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की थी। इसी क्रम में जहानाबाद सहित बिहार के विभिन्न जिलों में सरकारी स्कूलोंं के लिए जारी इस आदेश में सरकारी शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम के आयोजन को लेकर चर्चा में है।