Bihar Education News: एआई से बदल जाएगी बच्चों की तकदीर! बिहार के कॉलेजों में मुफ्त पढ़ाई का ऐलान, प्लेसमेंट की गारंटी का दावा

Bihar Education News: टेक्नोलॉजी की दुनिया में इंकलाब लाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब बिहार के मुफ्त पढ़ाई जाएगी।....

AI to Transform Futures Free Study in Bihar Colleges
एआई से बदल जाएगी बिहार के बच्चों की तकदीर! - फोटो : X

Bihar Education News: बिहार की सियासत में शिक्षा का नया अध्याय खुल गया है। टेक्नोलॉजी की दुनिया में इंकलाब लाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब सूबे के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में मुफ्त पढ़ाई जाएगी। सरकार ने आईटी सेक्टर की बड़ी संस्था NASSCOM के साथ एमओयू कर इस पहल को अमली जामा पहनाया है। गुरुवार को विधानसभा में बजट बहस के दौरान शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने यह बड़ा एलान किया।

मंत्री ने कहा कि बदलते दौर में अगर बिहार को टेक्नोलॉजी के नक्शे पर मजबूत मुकाम दिलाना है, तो युवाओं को एआई जैसी आधुनिक तकनीक में माहिर बनाना होगा। इसी सोच के तहत इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में एआई की पढ़ाई नि:शुल्क कर दी गई है, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी छात्र की राह में रुकावट न बने। उनका दावा है कि नैसकॉम के सहयोग से पाठ्यक्रम को इंडस्ट्री-ओरिएंटेड बनाया जाएगा, जिससे छात्रों को प्लेसमेंट में सीधा फायदा मिलेगा।

विधानसभा में सरकार का पक्ष रखते हुए शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि रोजगारपरक हुनर ही आज की असली जरूरत है। कॉलेजों में अत्याधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और ट्रेनिंग मॉड्यूल विकसित किए जाएंगे। निजी कंपनियों के साथ तालमेल बढ़ाकर कैंपस प्लेसमेंट को मजबूत किया जाएगा। सरकार का मकसद साफ है बिहार के युवाओं को बाहर पलायन करने के बजाय यहीं अवसर मिलें।

सियासी हलकों में इस फैसले को ‘डिजिटल दांव’ के तौर पर देखा जा रहा है। विपक्ष जहां आंकड़ों और जमीनी हकीकत पर सवाल उठा रहा है, वहीं सरकार इसे ‘नए बिहार’ की बुनियाद बता रही है। अगर योजना जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो यह सूबे के तकनीकी शिक्षा तंत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुफ्त एआई शिक्षा का यह ऐलान कितनी तेजी से हकीकत में बदलता है और क्या वाकई बिहार के युवाओं को टेक्नोलॉजी की नई उड़ान मिल पाती है।