चित्रगुप्त पूजा में शामिल हुए नीतीश कुमार और नितिन नवीन, पूजा-अर्चना कर बिहार के लिए की कामना
हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त को यमराज का लेखाधिकारी माना जाता है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि वे मनुष्यों के अच्छे और बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं।
Bihar News : चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर बिहार की राजनीति के दो प्रमुख चेहरे नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भगवान चित्रगुप्त की आराधना करते नजर आए। दोनों नेताओं ने पटना के अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। विधान पार्षद ललन सर्राफ और बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव हरेंद्र बहादुर सिंह ने भी पूजा में भाग लिया। पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

नितिन नवीन ने पटना के तीन मंदिरों में की पूजा
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी चित्रगुप्त पूजा के मौके पर पटना के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त की आराधना की। उनके साथ भाजपा नेता संजय सरावगी भी मौजूद रहे। नितिन नवीन सबसे पहले खगौल रोड स्थित श्री श्री 108 चित्रगुप्त मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अनीसाबाद स्थित चित्रगुप्त मंदिर पहुंचे, जहां पूजा की। उन्होंने अशोक नगर, कंकड़बाग स्थित चित्रगुप्त मंदिर में भी दर्शन और पूजा-अर्चना की।

इस दौरान संजय सरावगी ने भी नितिन नवीन के साथ पूजा में भाग लिया। दोनों नेताओं ने भगवान चित्रगुप्त से प्रदेश और प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पटना के मंदिरों में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की आवाजाही भी चर्चा में रही। नीतीश कुमार और नितिन नवीन का अलग-अलग मंदिरों में पहुंचकर पूजा करना इस पर्व की धार्मिक और सामाजिक महत्ता को भी दर्शाता है।

क्यों की जाती है भगवान चित्रगुप्त की पूजा?
हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त को यमराज का लेखाधिकारी माना जाता है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि वे मनुष्यों के अच्छे और बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। मान्यता है कि ब्रह्मा जी की काया से उत्पन्न होने के कारण उनका नाम चित्रगुप्त पड़ा था। उन्हें मनुष्यों के कर्मों का हिसाब रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को चित्रगुप्त पूजा मनाई जाती है। इस दिन विशेष रूप से कायस्थ समाज के लोग भगवान चित्रगुप्त की आराधना करते हैं। पूजा में कलम, दवात, बही-खाता और पुस्तकों को भी स्थान दिया जाता है। विद्यार्थी ज्ञान और बुद्धि की प्राप्ति, जबकि व्यापारी अपने कारोबार में उन्नति की कामना करते हैं। यह पर्व मनुष्य को अपने कर्मों के प्रति जवाबदेह रहने और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश भी देता है।