सीएम नीतीश ने ईद पर मोहब्बत का पैगाम लेकर पटना के खानकाहों में किया सजदा, इन सज्जादा नशीं से की मुलाकात

नीतीश कुमार ने मुस्लिम समाज के सबसे बड़े त्योहार पर सबको मुबारकबाद दी. उन्होंने विभिन्न खानकाहों में जाकर सजदा भी किया.

Nitish Kumar
Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को ईद के मौके पर मोहब्बत और आपसी भाईचारा का पैगाम लेकर पटना के खानकाहों में सजदा करते दिखे. ईद के मौके पर वे सबसे पहले फुलवारी शरीफ स्थित खानकाह मुजीबिया में शरीक हुए. इसके बाद उन्होंने पटना सिटी के मित्तन घाट स्थित खानकाह मुनएमिया में जाकर सजदा किया. मुस्लिम समाज के सबसे बड़े त्योहार पर सबको मुबारकबाद दी. इस दौरान वे मित्तन घाट के तकिया शरीफ स्थित खानकाह बारगाहे इश्क भी पहुंचे और इबादत में सिर झुकाया. इस दौरान नीतीश कुमार सेवई और सूखे मेवे खाते भी दिखे. 


नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के अवसर पर खानकाह-मुजीबिया फुलवारीशरीफ जाकर वहां के सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह आयतुल्ला कादरी से मुलाकात कर उनकी दुआयें ली और ईद की बधाई एवं शुभकामनायें दी। वहीं खानकाह-ए-मुनएमिया पहुंचकर वहां के सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह शमीमुद्दीन अहमद मुनअमी के साथ मिलकर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की दुआ की। खानकाह बारगाहे इश्क पहुंचकर वहां के सज्जादा नशीं सैयद शाह ख्वाजा आमिर शाहिद सहित अन्य लोगों को मुबारकबाद दीं।

इसके पहले सीएम नीतीश ने ईद के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों को तथा विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।

गांधी मैदान नहीं गए नीतीश 

हालांकि नीतीश कुमार इस बार गांधी मैदान में ईद के मौके पर नहीं पहुंचे. वर्ष 2005 में बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद से वे लगभग हर वर्ष ईद पर गांधी मैदान में नमाज के समय जाते थे लेकिन इस उनके पुत्र निशांत वहां पहुंचे.  दरअसल, आज पटना का गांधी मैदान न केवल खुदा की इबादत का गवाह बना, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तराधिकार की चर्चाओं का केंद्र भी बन गया। 20 सालों में पहली बार नीतीश कुमार ईद की नमाज में शिरकत करने नहीं पहुंचे, लेकिन उनकी कमी को उनके बेटे निशांत ने पूरा किया.  निशांत कुमार का मुख्यमंत्री सुरक्षा घेरे में गांधी मैदान पहुंचना कौतूहल का विषय बना रहा। राजनीति के गलियारों में इसे 'नई शुरुआत' के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ईद-उल-फितर के अवसर पर सीएम नीतीश के विभिन्न जगहों पर भ्रमण के दौरान ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।