चारधाम यात्रा: केदारनाथ का कपाट 22 अप्रैल को खुलेगा, बद्रीनाथ में इस दिन खुलेगा कपाट, गंगोत्री-यमुनोत्री के लिया खास व्यवस्था

Chardham Yatra
Chardham Yatra - फोटो : news4nation

उत्तराखंड में जारी चारधाम यात्रा बुधवार का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। रुद्रप्रयाग से बाबा केदारनाथ धाम की पंचमुखी डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुकी है। लगभग 18 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई तय करते हुए डोली के मंगलवार शाम तक धाम पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद बुधवारसुबह 8 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।


मोबाइल पर प्रतिबंध

इस बीच केदानाथ को लेकर मंदिर प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है।  मंदिर समिति ने परिसर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के तहत कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर में मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा और न ही फोटो, वीडियो या रील्स बनाने की अनुमति होगी। मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


23 को खुलेगा बद्रीनाथ का कपाट

वहीं, चमोली जिले के जोशीमठ से भगवान बद्रीनाथ धाम की डोली भी आज रवाना होगी। करीब 42 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर डोली बुधवार शाम तक बद्रीनाथ पहुंचेगी। बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल की सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।


चार धाम यात्रा में भारी भीड़

इधर, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में यात्रा के शुरुआती दिनों से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। अब तक दोनों धामों में 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर वहां कई प्रकार की खास व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें कोई असुविधा ना हो।