दिल्ली में गिरी तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग, एक की मौत, बिहार के युवक सहित कई घायल
घटना के वक्त ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। बिल्डिंग गिरते ही पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया और उसका मलबा पास की टिन शेड कैंटीन पर भी जा गिरा.
Bulding collapses : दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हुए एक बड़े हादसे में एक की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। सैदुलाजब इलाके के वेस्टर्न मार्ग स्थित तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में 26 वर्षीय युवक रवि की मौत हो गई, जबकि आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों के अनुसार, बिल्डिंग में कोचिंग इंस्टीट्यूट, कैफे और ऑफिस संचालित हो रहे थे। घटना के वक्त ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। बिल्डिंग गिरते ही पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया और उसका मलबा पास की टिन शेड कैंटीन पर भी जा गिरा, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र अक्सर आते थे।
घायलों की पहचान गुरुग्राम निवासी तरुण कुमार (26), बिहार के मोतिहारी की साइका खान (27), सैदुलाजब की नीलम यादव (25), साकेत के आदित्य शर्मा (24), नोएडा के क्षितिज प्रताप (25), साकेत के अनुज दीक्षित (25), सैदुलाजब की आस्था (25) और साकेत के विशाल (24) के रूप में हुई है। सभी घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
रविवार सुबह DFS की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि राहत एवं बचाव कार्य में NDRF, DDMA, दिल्ली पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीम पूरी रात जुटी रही। सात लोगों को रेस्क्यू टीमों ने मलबे से बाहर निकाला, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बचाया गया।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमों ने भारी मशीनरी, हाइड्रोलिक कटर, विक्टिम लोकेशन कैमरे और स्निफर डॉग्स का इस्तेमाल किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।