Padma Awards 2026 : केंद्र सरकार ने 131 पदम् पुरस्कारों का किया ऐलान, धर्मेन्द्र, शिबू सोरेन और रोहित शर्मा सहित कई हस्तियाँ होंगी सम्मानित
Padma Awards 2026 : केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों का एलान कर दिया है. जिसमें फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, पूर्व CM शिबू सोरेन को पद्म भूषण से मरणोपरांत सम्मानित किया जायेगा....पढ़िए आगे
New Delhi : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण सेवा देने वाली कुल 131 विभूतियों को देश के इन सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा जाएगा। इन पुरस्कारों में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं, जो कला, साहित्य, खेल और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में भारत की गौरवशाली प्रतिभा को दर्शाते हैं। इस वर्ष के पुरस्कारों की सूची में नारी शक्ति की भी मजबूत झलक देखने को मिली है। कुल 131 विजेताओं में 19 महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की सराहना करता है, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। सरकार ने जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर इस सूची को और अधिक समावेशी बनाया है।
पद्म पुरस्कारों की इस घोषणा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के प्रभाव और वैश्विक जुड़ाव का भी ध्यान रखा गया है। सूची में विदेशी नागरिकों, अनिवासी भारतीयों (NRI), भारतीय मूल के व्यक्तियों (PIO) और भारत के प्रवासी नागरिकों (OCI) की श्रेणी से 6 हस्तियों को स्थान मिला है। यह दर्शाता है कि दुनिया भर में फैले भारतीय मूल के लोग और भारत के मित्र देश की प्रगति और सांस्कृतिक प्रसार में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
समाज और देश के प्रति जीवन समर्पित करने वाले उन नायकों को भी याद किया गया है, जो अब हमारे बीच नहीं हैं। इस वर्ष 16 लोगों को मरणोपरांत पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान उनके योगदान को अमर बनाने और उनके परिवार व समर्थकों को गौरवान्वित करने का एक सशक्त जरिया है। सरकार की यह पहल उन निस्वार्थ सेवाओं को नमन करती है जो अंतिम सांस तक देश हित में की गईं।
पद्म विभूषण जिन पांच लोगों को दिया गया है। उनमें फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के साथ सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस, वायलिन वादक एन राजन, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े पी नारायणन और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन शामिल हैं। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में कला, चिकित्सा, लोक कार्य, सामाजिक कार्य, व्यापार और खेल जगत की प्रतिष्ठित 13 हस्तियां शामिल हैं। इनमें प्रमुख नाम अल्का याज्ञनिक- कला (महाराष्ट्र), भगत सिंह कोश्यारी- लोक कार्य (उत्तराखंड), डॉ. कालीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी- चिकित्सा (तमिलनाडु), मम्मूटी- कला (केरल), डॉ. नोरी दत्तात्रेयुडु- चिकित्सा (संयुक्त राज्य अमेरिका), पीयूष पांडे (मरणोपरांत)- कला (महाराष्ट्र), एस. के. एम. माइलानंदन- सामाजिक कार्य (तमिलनाडु), शतावधानी आर. गणेश- कला (कर्नाटक), शिबू सोरेन (मरणोपरांत)- लोक कार्य (झारखंड), उदय कोटक-व्यापार एवं उद्योग (महाराष्ट्र), वी. के. मल्होत्रा (मरणोपरांत)- लोक कार्य (दिल्ली), वेल्लापल्ली नटेशन- लोक कार्य (केरल) और विजय अमृतराज- खेल (संयुक्त राज्य अमेरिका) शामिल हैं।
वहीँ कुल 113 हस्तियों को पदम् श्री देने का ऐलान केंद्र सरकार ने किया है. जिनमें ये हस्तियाँ शामिल हैं....





