प्रेमानंद महाराज से मिली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एकांत में हुई बातचीत, भक्तिमय रहा वातावरण
N4N Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। उन्होंने कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम में महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
N4N Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन स्थित प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम में महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। आश्रम पहुंचने पर संत के शिष्यों और परिकरों ने राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति और प्रेमानंद महाराज के बीच एकांत में बातचीत हुई।
इस्कॉन मंदिर में किए दर्शन
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान अध्यात्म, निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति ने महाराज के सरल जीवन और उनके आध्यात्मिक विचारों की सराहना की। इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रपति ने वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर में दर्शन किए। भारी बारिश के बावजूद उन्होंने पूरे भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
वैदिक मत्रोच्चारण से हुआ स्वागत
इस दौरान उनके साथ आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। मंदिर प्रशासन ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद की समाधि के दर्शन कर आरती भी की। इसके बाद राष्ट्रपति प्रेम मंदिर भी पहुंचीं, जहां उन्होंने राधा-कृष्ण के विग्रह के दर्शन किए। मंदिर परिसर में आयोजित लेजर शो का अवलोकन किया और संकीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
भक्तिमय रहा वातावरण
इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। राष्ट्रपति का यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिकता और शांति के संदेश से ओतप्रोत रहा। खराब मौसम और बारिश के बावजूद उनकी आस्था और श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी, जिसकी ब्रज के संतों और श्रद्धालुओं ने सराहना की।